*इटावा में पराविधिक स्वयंसेवकों का क्लस्टर आधारित प्रशिक्षण सम्पन्न, पांच जिलों के पीएलवी हुए शामिल*

इटावा
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर तथा इटावा के माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष श्री रजत सिंह जैन के आदेशानुसार सोमवार को प्रेरणा सभागार, विकास भवन इटावा में पराविधिक स्वयंसेवकों/अधिकार मित्रों हेतु एक दिवसीय क्लस्टर आधारित प्रशिक्षण-संवर्धन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इसमें इटावा, एटा, फर्रूखाबाद, कासगंज व मैनपुरी जिलों के पराविधिक स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष रजत सिंह जैन ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उद्घाटन सत्र में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम श्री अवधेश कुमार, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी) एक्ट संजय कुमार चतुर्थ, विशेष न्यायाधीश (दप्राक्षे) आलोक कुमार श्रीवास्तव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा श्री रूपेन्द्र सिंह टोंगर सहित एटा, मैनपुरी, फर्रूखाबाद व कासगंज के सचिव भी उपस्थित रहे।

उद्घाटन के उपरांत जनपद न्यायाधीश महोदय द्वारा सभी जिलों के दो-दो सर्वश्रेष्ठ पराविधिक स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने पीएलवी की भूमिका, महत्व व समाज में उनके योगदान पर जोर देते हुए सभी को प्रोत्साहित किया।
प्रशिक्षण के तकनीकी सत्र में इटावा के सचिव श्री रूपेन्द्र सिंह टोंगर व एटा के सचिव श्री कमालुद्दीन ने नालसा की जागृति, डॉन, आशा, साथी, परमवीर परिवार सहायता जैसी योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी तथा व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
इसके बाद जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती संध्या रानी बघेल, अध्यक्ष बाल सेवा समिति दीप नारायण, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रतिनिधि सोहन गुप्ता व वन स्टॉप सेंटर की अधीक्षक वंदना भदौरिया ने बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, मानव तस्करी, बाल विवाह, महिला कल्याण योजनाओं आदि पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
साथ ही असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल सुश्री रजनी शुक्ला व श्री हर्ष पटेल ने पीएलवी को किशोर न्याय अधिनियम, पोक्सो एक्ट, बाल श्रम कानून और पॉश एक्ट संबंधी प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम के समापन पर एडीजे/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा रूपेन्द्र सिंह टोंगर ने सभी पराविधिक स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए उपस्थित न्यायिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




Subscribe to my channel