कटनी जिले के बिलहरी में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार एक खड़े ऑटो से टकराकर लक्ष्मण सागर तालाब में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
घटना देर रात करीब साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार कार सवार चार युवक —
प्रशांत नायक (पिता प्रकाश नायक, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम बिलहरी)
विकास तिवारी (पिता विनोद तिवारी, उम्र 26 वर्ष, निवासी बिलहरी)
अभिषेक चौरसिया (पिता नारायण चौरसिया, उम्र 26 वर्ष, निवासी बिलहरी)
अमन ताम्रकार (पिता मुकेश ताम्रकार, उम्र 26 वर्ष, निवासी बिलहरी)
कटनी से बिलहरी की ओर लौट रहे थे।
जैसे ही कार बिलहरी पहुंची, वह सड़क किनारे खड़े एक ऑटो से टकरा गई और अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा गिरी। टक्कर और गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलते ही बिलहरी चौकी प्रभारी सुयश पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर कार को तालाब से बाहर निकलवाया। लेकिन तब तक प्रशांत नायक और विकास तिवारी की मौत हो चुकी थी। वहीं अभिषेक चौरसिया और अमन ताम्रकार ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई।
घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक दोनों युवक इलाके में मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।