Punjab News : नदी में बहे किसान का शव मिला प्रशासन और सरकार से मदद न मिलने पर जताया विरोध
रिपोर्टर महिंदर सिंह मोहाली पंजाब
गाँव के पास से गुज़रने वाली झारमल नदी में कल एक 65 वर्षीय व्यक्ति बह गया। आज सुबह परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसका शव नदी से बाहर निकाला गया। परिजनों ने विरोध जताते हुए कहा कि कल से प्रशासन या सरकार का कोई भी प्रतिनिधि उनसे पूछने नहीं आया और वे पूरी रात नदी में शव ढूँढते रहे, न नाव मिली, न एनडीआरएफ की टीम और न ही सरकार की ओर से कोई मदद।
जानकारी के अनुसार, जनक सिंह सैनी उम्र 65 पुत्र मुथरा राम सैनी निवासी गाँव लालरू, कल सुबह अपने खेतों में मवेशियों के लिए घास लेने बैल और गाड़ी लेकर नदी पार गए थे, लौटते समय अचानक झारमल नदी के तेज़ बहाव में बह गए। आस-पास काम कर रहे कुछ किसानों ने उनके परिजनों को सूचना दी, जिन्होंने आकर गाड़ी और बैल को पानी से बाहर निकाला, लेकिन उक्त व्यक्ति का कुछ पता नहीं चला। उनके बेटे राकेश कुमार व अन्य पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि वे सारी रात नदी के पानी में शव ढूंढते रहे, जो आज सुबह मिला। सरकार व प्रशासन की ओर से उन्हें कोई मदद नहीं मिली, यहां तक कि शव को सिविल अस्पताल डेराबस्सी ले जाने के लिए सरकारी एंबुलेंस भी नहीं मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए निजी वाहन में सिविल अस्पताल ले जाया गया। जबकि उन्होंने स्थानीय पुलिस व अन्य अधिकारियों को कल ही सूचित कर दिया था। इस अवसर पर मौजूद पूर्व विधायक व अकाली नेता एनके शर्मा ने सरकारी प्रबंधों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि व्यक्ति के डूबने के बाद प्रशासन या सरकार की ओर से कोई उचित प्रबंध या कदम नहीं उठाए गए और जब परिवार के सदस्य खुद शव को ढूंढने के लिए नदी में उतर रहे थे तो उस समय कोई और बड़ा हादसा हो सकता था।
Subscribe to my channel