ब्रेकिंग न्यूज़

धनबाद : राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का भव्य स्वागत, आईआईटी आईएसएम दीक्षांत समारोह में शिरकत

उपायुक्त आदित्य रंजन ने किया स्वागत, बोले – राष्ट्रपति की मेजबानी करना गौरव की बात

धनबाद, 1 अगस्त 2025 –

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू आज आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के 45वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। राष्ट्रपति विशेष हेलीकॉप्टर से बरवाअड्डा एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।

एयरपोर्ट से समारोह स्थल तक राष्ट्रपति का काफिला सिटी सेंटर चौक, लुबी सर्कुलर रोड और रणधीर वर्मा चौक होते हुए आईआईटी परिसर पहुंचा।

समारोह की शुरुआत में राष्ट्रपति ने संस्थान के गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले छात्रों के साथ समूह फोटो खिंचवाया। इसके बाद उन्होंने अटल कम्युनिटी इनोवेशन सेंटर द्वारा आयोजित जनजातीय महिलाओं की हस्तशिल्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की।

मुख्य मंच पर पहुंचने के बाद उन्होंने आईआईटी आईएसएम की स्थापना के 100 वर्षों के उपलक्ष्य में विशेष डाक टिकट का विमोचन किया और 20 छात्रों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। अपने प्रेरणादायक संबोधन में राष्ट्रपति ने युवाओं को देश के विकास में भागीदारी निभाने, हरित भारत के निर्माण में योगदान देने और अपने ज्ञान को समाजसेवा के लिए प्रयोग करने का संदेश दिया।

समारोह संपन्न होने के बाद राष्ट्रपति का काफिला पुनः बरवाअड्डा एयरपोर्ट लौटा, जहां से वे हेलीकॉप्टर के माध्यम से धनबाद से रवाना हो गईं।

राष्ट्रपति के प्रस्थान के बाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने समारोह की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा, “हमारे लिए यह गर्व और सम्मान की बात है कि भारत की राष्ट्रपति का स्वागत करने का अवसर मिला। यह अनुभव हमारे लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।” उपायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार जताते हुए उनके समर्पण और मेहनत की प्रशंसा की।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button