
खतरनाक स्टंट बना मुसीबत, 7 स्टंटबाजों पर ₹70 हजार जुर्माना, माफी मांगने की भी आई नौबत
![]()
पटना। शहर की सड़कों पर खतरनाक स्टंट करना और उसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर अपलोड करना अब युवाओं पर भारी पड़ रहा है। पटना ट्रैफिक पुलिस ने हाल के दिनों में ऐसे सात स्टंटबाजों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इन सभी पर कुल ₹70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही इनसे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने एक अनोखी पहल करते हुए इन युवाओं की एक ‘शिक्षाप्रद रील’ बनाई है, जिसमें वे पहले स्टंट करते नजर आते हैं, फिर जुर्माना भरते हुए और कैमरे के सामने अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगते हुए दिखाई देते हैं। यह रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
सोशल मीडिया और सीसीटीवी से हुई पहचान
पुलिस ने बताया कि ये सभी युवक एवं युवतियां प्रमुख मार्गों जैसे अटल पथ, जेपी गंगा पथ, नेहरू पथ और दीघा-एम्स एलिवेटेड रोड पर स्टंट करते देखे गए थे। पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी टीम और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इनकी पहचान की गई।
ऑटो और बाइक से किया जा रहा था खतरनाक स्टंट
पकड़े गए लोगों में एक ऑटो चालक भी शामिल है, जो मुख्य मार्ग पर ऑटो से स्टंट कर रहा था। इसके अलावा दो युवतियां बाइक पर स्टंट करती दिखीं, जिनका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। इन सभी ने न सिर्फ यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि खुद के साथ राहगीरों की जान भी खतरे में डाली।
लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन रद्द करने की सिफारिश
पुलिस ने जुर्माना वसूलने के साथ-साथ इन सभी के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन रजिस्ट्रेशन को रद्द करने की अनुशंसा जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) से की है। ट्रैफिक एसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, और इस तरह की हरकतें करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संदेश साफ है:
“लाइक और व्यूज के लिए स्टंट किया, तो जुर्माना और शर्मिंदगी मिलेगी।”



Subscribe to my channel