
पटना मेयर के बेटे शिशिर पर गिरफ्तारी की तलवार, हत्या के प्रयास समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज
![]()
पटना, 14 जुलाई – पटना की राजनीति में उस वक्त बड़ा भूचाल आ गया, जब मेयर सीता साहू के बेटे शिशिर कुमार पर गांधी मैदान थाना में गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि शिशिर के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और धमकी देने समेत कुल चार संगीन मामले पहले से ही दर्ज हैं।
अब इस ताज़ा मामले के बाद उनकी गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है। पुलिस ने पूछताछ के लिए उनके घर पर दबिश दी, लेकिन शिशिर फरार हैं। एसएसपी ने कहा कि शिशिर के पास मौजूद लाइसेंसी हथियारों का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, साथ ही उनकी बेल को भी रद्द कराने की कवायद जारी है।
निगम बैठक में बाउंसर और हथियार लेकर पहुंचे थे शिशिर
बवाल उस वक्त बढ़ा जब हाल ही में पटना नगर निगम की साधारण बैठक के दौरान शिशिर कुमार अपने बाउंसरों और हथियारों के साथ पहुंचे। नगर आयुक्त अनिमेष पराशर ने बताया कि शिशिर और उनके साथियों ने बैठक में हंगामा किया और डर का माहौल बनाया। उन्होंने बताया कि बाहर के अपराधियों को भी आर्म्स के साथ बुलाया गया था, जिसकी पुलिस सत्यापन कर रही है।
आयुक्त ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शिशिर पर निषेधाज्ञा लागू करने की सिफारिश की है। पत्र में बताया गया है कि वे नगर निगम की बैठक और कार्यक्रमों में हथियार और बल के साथ उपस्थित रहते हैं, जो कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है।
मेयर सीता साहू से भी होगी पूछताछ
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मामले में मेयर सीता साहू से भी पूछताछ की जाएगी, क्योंकि शिशिर के कृत्य नगर निगम की कार्यवाही को प्रभावित कर रहे हैं। वहीं, शिशिर की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन कर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।
महिलाओं से अभद्रता, धमकी और छेड़खानी जैसे आरोप
उप नगर आयुक्त रामाशीष शरण तिवारी ने कोतवाली थाना में दर्ज मामले में बताया है कि शिशिर पर पार्षदों से गाली-गलौज, महिलाओं से अभद्रता, छेड़खानी और नौकरी से हटाने की धमकी देने जैसे कई गंभीर आरोप पहले भी लग चुके हैं।
शिशिर पर यह भी आरोप है कि उन्होंने पूर्व में कई बार नगर निगम के कार्यों में हस्तक्षेप किया, अधिकारियों पर दबाव बनाया और बाउंसरों द्वारा खुलेआम हथियार का प्रदर्शन कर कर्मचारियों को डराने का प्रयास किया।
भाजयुमो से है जुड़ाव
सूत्रों के मुताबिक, शिशिर कुमार भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) से जुड़े हुए हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल शिशिर की गिरफ्तारी पर सबकी नजरें टिकी हैं। प्रशासन की ओर से कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।



Subscribe to my channel