बिहार में बढ़ते अपराध पर LJP (रामविलास) हमलावर, चिराग पासवान के बाद अब अरुण भारती का नीतीश सरकार पर निशाना

पटना, 11 जुलाई: बिहार में बढ़ते अपराधों को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेताओं ने नीतीश सरकार पर हमला तेज कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बाद अब उनके बहनोई और समस्तीपुर से सांसद अरुण भारती ने भी राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर आड़े हाथों लिया है।![]()
अरुण भारती ने शुक्रवार को अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर लिखा, “अपराध और अपराधियों को लेकर समाज में और बिहार की जनता में गहरी चिंता है। यही समाज हमें नेता और नेतृत्व देता है। गठबंधन में रहते हुए भी यदि आप समाज की आवाज अपने सहयोगी दलों तक पहुंचाते हैं, तो यह गठबंधन धर्म का उल्लंघन नहीं माना जाना चाहिए। आप ‘धृतराष्ट्र’ नहीं बन सकते।”
उन्होंने लिखा कि “जब-जब ऐसी घटनाएं होंगी, हम जनता की मांग को सरकार के सामने रखकर समाधान लाने का प्रयास करते रहेंगे। यह हमारी जिम्मेदारी है। मेरी पार्टी, मेरे नेता और हम लोग लगातार यह काम करते आए हैं और करते रहेंगे।”
इससे पहले चिराग पासवान ने बिहारशरीफ में दो किशोरों की हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि “बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।” उन्होंने इसे सरकार की विफलता करार दिया था।
सिर्फ चिराग और अरुण भारती ही नहीं, बल्कि पार्टी के एक अन्य सांसद राजेश वर्मा ने भी पटना में व्यापारी गोपाल खेमका की हत्या को लेकर नीतीश सरकार पर हमला बोला था।
LJP (रामविलास) के नेताओं की तरफ से लगातार हो रहे ऐसे बयान संकेत दे रहे हैं कि NDA में रहते हुए भी वे जनता के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने से पीछे नहीं हटेंगे। अब देखना यह होगा कि नीतीश सरकार इस बढ़ते दबाव और आलोचना का क्या जवाब देती है।



Subscribe to my channel