उपेंद्र कुशवाहा का बयान: महागठबंधन का बिहार बंद पूरी तरह फेल, जनता ने किया नकार

उपेंद्र कुशवाहा का बयान: महागठबंधन का बिहार बंद पूरी तरह फेल, जनता ने किया नकार
पटना, 9 जुलाई — राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने आज बिहार में महागठबंधन द्वारा बुलाए गए बिहार बंद को पूरी तरह विफल करार दिया है। उन्होंने कहा कि जनता ने इस बंद को न केवल अस्वीकार किया, बल्कि इसे राजनीतिक अवसरवाद की साजिश के रूप में देखा।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा,“महागठबंधन विकास विरोधी दलों का अवसरवादी गठजोड़ है। जनता अब इनके नाटक को समझ चुकी है। आज का बिहार बंद इसका प्रमाण है कि आम लोग इनसे पूरी तरह अलग हो चुके हैं।”
उन्होंने खासतौर से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधते हुए कहा कि जब अराजक सोच वाला दल किसी आंदोलन का नेतृत्व करता है, तो जनता उसका साथ नहीं देती। कुशवाहा ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के दौरान जो “मुरेठा गैंग” तैयार किया गया था, वही आज ट्रेन रोकने और सड़क जाम करने की कोशिश में लगा रहा।“बिहार के कई जिलों में आगजनी और उपद्रव का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी के साथ हालात को नियंत्रित रखा। आम जनता ने इन तत्वों का साथ नहीं दिया, जिससे महागठबंधन के नेताओं के चेहरों पर निराशा साफ झलक रही थी।”
कुशवाहा ने कहा कि वोटर लिस्ट पुनरीक्षण जैसे गंभीर और लोकतांत्रिक कार्य के खिलाफ बंद बुलाकर महागठबंधन ने जनता के अधिकारों से खिलवाड़ किया है। “बंद के नाम पर आम लोगों को परेशान करना, सड़कें जाम करना, ट्रेनें रोकना — यही इनकी राजनीति का असली चेहरा है। जनता ने आज फिर दिखा दिया कि वह हिंसक और उपद्रवी राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी।”
उन्होंने बिहार पुलिस की कार्यशैली की भी सराहना की और कहा कि प्रशासन ने शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।