
राजगीर में भारत-पाक की हॉकी भिड़ंत तय, हीरो एशियन पुरुष हॉकी चैंपियनशिप में पाकिस्तान को मिली एंट्री
पटना। बिहार के राजगीर में होने वाली हीरो एशियन पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2025 में इस बार दर्शकों को भारत-पाकिस्तान का रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान की 31 सदस्यीय टीम को टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति दे दी है। यह प्रतियोगिता 29 अगस्त से 7 सितंबर तक आयोजित होगी।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने जानकारी दी कि विदेश मंत्रालय से हरी झंडी मिलने के साथ ही वीजा की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। हॉकी इंडिया ने भी इसकी पुष्टि की है।
55 साल बाद बिहार में पाकिस्तान की टीम
यह दूसरा मौका होगा जब पाकिस्तान की टीम बिहार में खेलने उतरेगी। इससे पहले मार्च 1970 में पाकिस्तान की टेनिस टीम पटना के न्यू पटना क्लब में भारत से डेविस कप मुकाबला खेलने आई थी। उस ऐतिहासिक मैच में भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराया था।
भारत की मजबूत दावेदारी
पूर्व भारतीय कप्तान अजितेश राय ने कहा कि भारत की टीम इस टूर्नामेंट की प्रबल दावेदार है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भारत 8वें और पाकिस्तान 15वें स्थान पर है। पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करेगी।
बिहार बना अंतरराष्ट्रीय खेल हब
हॉकी एसोसिएशन बिहार के सचिव राणा प्रताप ने कहा कि जिस बिहार में कभी राष्ट्रीय टूर्नामेंट नहीं होते थे, अब वहां अंतरराष्ट्रीय आयोजन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजगीर में भारत-पाक हॉकी मैच के दौरान पूरे देश की नजरें बिहार पर टिकी होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि उम्मीद है, आने वाले समय में बिहार का कोई खिलाड़ी भी भारतीय टीम का हिस्सा बनेगा।
मुख्य तिथियां:
प्रतियोगिता अवधि: 29 अगस्त – 7 सितंबर 2025
स्थान: राजगीर, बिहार
विशेष बात:
यह आयोजन बिहार के लिए खेलों के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक अवसर होगा, जो राज्य को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर भी प्रमुखता दिलाएगा।