धनारी में ऑटो से उतर रही महिला से अज्ञात महिला ने छीनी सोने की चेन
धनारी में ऑटो से उतर रही महिला से अज्ञात महिला ने छीनी सोने की चेन
थाना धनारी क्षेत्र की घटना, पीड़िता ने थाने में दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
धनारी/संभल। थाना धनारी क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला के साथ चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। मामला धनारी स्टेशन के पास का है, जहाँ ऑटो से उतर रही एक महिला की सोने की चेन अज्ञात महिला ने मौके का फायदा उठाकर चोरी कर ली।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रिन्की पत्नी सुनील कुमार निवासी ग्राम अजीजपुर थाना जरीफनगर जनपद बदायूं, बहजोई से ऑटो में सवार होकर धनारी की ओर आ रही थी। ऑटो में एक अज्ञात महिला भी उसके पास बैठी थी। जैसे ही रिन्की धनारी स्टेशन पर ऑटो से उतरने लगी, उसी दौरान उक्त महिला ने मौका पाकर उसके गले से सोने की चेन खींच ली और चुपचाप निकल गई। रिन्की को घटना की जानकारी तब हुई जब वह ऑटो से उतर चुकी थी और गले में चेन गायब देखी। घबराई हुई पीड़िता तत्काल धनारी थाने पहुंची और मामले की तहरीर दी। पीड़िता के अनुसार, घटना इतनी तेजी से हुई कि उसे कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और ऑटो में बैठी अन्य सवारियों व ड्राइवर से भी पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी चल रही है ताकि अज्ञात महिला की पहचान की जा सके। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वारदात से ऑटो सवार महिलाओं में भी असुरक्षा की भावना देखी जा रही है।