Madhya Pradesh News मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब बेटियों के विवाह के लिए बनी वरदान: मंत्री श्री सिंह
सारंग मंदिर प्रांगण में परिणय सूत्र में बंधे 100 जोड़े, खनिज मंत्री ने नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद

रिपोर्टर सत्यव्रत भुर्जी पन्ना मध्य प्रदेश
मुख्यमंत्री कन्या विवाह व निकाह योजना के तहत शुभ मुहूर्त में निरंतर वृहद स्तर पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम के जरिए गरीब बेटियों के विवाह संपन्न करवाए जाएंगे। यह महत्वाकांक्षी योजना गरीब बेटियों के विवाह के लिए वरदान साबित हुई है। योजना में प्रत्येक जोड़ों को 11 हजार रूपए राशि का चेक और 38 हजार रूपए की सामग्री प्रदान की जा रही है। पन्ना विधानसभा में एक माह मंे 500 से अधिक जोड़ों के विवाह संपन्न करवाकर 3 करोड़ रूपए से अधिक की राशि के हितलाभ का वितरण किया गया है। खनिज साधन एवं श्रम मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने यह बात शनिवार को जनपद पंचायत पन्ना अंतर्गत सारंग मंदिर प्रांगण में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के मौके पर कही। खनिज मंत्री श्री सिंह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया और सुखमय दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं भी दी। कार्यक्रम में 99 जोड़ों का विवाह और एक जोड़े का निकाह सम्पन्न हुआ।
कैबिनेट मंत्री श्री सिंह ने नवदंपत्तियों पर पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद दिया। साथ ही प्रत्येक जोड़ों को व्यक्तिगत रूप से भगवान जुगल किशोर का चित्र और उपहार भी भेंट किए। इस मौके पर विवाह आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले उत्कृष्ट कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि विवाह संस्कार दो परिवार में खुशियों का अवसर है। सामूहिक विवाह कार्यक्रम के माध्यम से विवाह आयोजन पर गरीब परिवार के अनावश्यक व्यय की बचत भी होती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान की मंशानुरूप कन्याओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई हैं। इससे परिवार व समाज की बेटियों के प्रति सोच में भी सकारात्मक परिवर्तन हुआ है। अब किसी भी गरीब परिवार के मुखिया को बेटी के जन्म पर चिन्ता करने की जरूरत नहीं है। कन्या शिक्षा व प्रोत्साहन के लिए भी सुविधाएं प्रदान की गई हैं।
उन्होंने कहा कि विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर बेटियों को आशीर्वाद देना सौभाग्य की बात है। मंत्री ने अवगत कराया कि 25 मार्च से लाड़ली बहना योजना के आवेदन पत्र प्राप्त करने का कार्य शुरू होेगा और 10 जून से प्रतिमाह 1 हजार रूपए की राशि भी बहनों को मिलने लगेगी। वृद्धावस्था पेंशन की हितग्राही महिलाओं को भी पेंशन की 600 रूपए की राशि के अलावा अतिरिक्त रूप से 400 रूपए प्रदान किए जाएंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे ने खनिज मंत्री को विकास पुरूष की संज्ञा देते हुए कहा कि देवभूमि सारंग धाम में सामूहिक विवाह का कार्यक्रम गर्व की बात है। इसके माध्यम से बेहतर माहौल में सभी की सहभागिता से बेटियों का सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न हुआ है। जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम के सफल आयोजन पर वर-वधू के परिजनों और आयोजकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत कमेटी का गठन कर गुणवत्तायुक्त सामग्री उपलब्ध कराई गई है। साथ ही आगामी दिनों में 5 से अधिक जोड़ों के पंजीयन पर भी सामूहिक विवाह कार्यक्रम की बात कही। कार्यक्रम में लोक गायिका शांति पटेल व साथी कलाकारों द्वारा आकर्षक स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री संतोष सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



Subscribe to my channel