Madhya Pradesh News सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास ही विकास यात्रा का मूल भाव है: मंत्री श्री सिंह
नगर पालिका पन्ना के वार्डों में निकाली गई विकास यात्रा में शामिल हुए खनिज साधन मंत्री

रिपोर्टर सत्यव्रत मध्य प्रदेश
खनिज साधन एवं श्रम मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा है कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ निकाली जा रही विकास यात्रा में आमजन भी सहभागी बनें। सर्वसमाज के सहयोग से निश्चित ही तीव्र विकास को गति मिल सकेगी। जनप्रतिनिधि भी घर-घर संपर्क कर पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पहल करें। पात्रता की श्रेणी वाले प्रत्येक गरीब व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करना ही अंत्योदय की मूल मंशा भी है। मंत्री श्री सिंह बुधवार को पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका परिषद पन्ना के वार्ड क्रमांक 02, 04, 27 एवं 28 में निकाली गई विकास यात्रा मंे शामिल हुए। उन्होंने शहर के कृषि उपज मण्डी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में वार्डवासियों को संबोधित किया और पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। नगर पालिका की टीम द्वारा वार्ड भ्रमण के कार्य की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि शहर की पेयजल व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए किलकिला फीडर के जीर्णाेद्धार का कार्य जारी है।
यहां के विस्थापित परिवारों को प्लाट के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि पन्ना नगर में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। निरपत सागर तालाब, कटरा और खोरा डैम के माध्यम से भी शहर की पेयजल समस्या के निराकरण का प्रयास है। अमृत 2.0 योजना में रूंझ बांध से पन्ना नगर तक पानी लाने की योजना को मूर्तरूप दिया जा रहा है। खनिज मंत्री ने कहा कि नगर के विकास और सार्वजनिक हित के सभी कार्य तत्परतापूर्वक पूर्ण किए जाएंगे। सीसी रोड और नाली जैसे कार्य भी कराए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि गत माह में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के छूटे हुए हितग्राहियों के लिए लगभग 1900 मकान स्वीकृत करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पन्ना मंदिरों और हीरों की नगरी है। अब पन्ना की पहचान शिक्षा के क्षेत्र में भी स्थापित होगी। इसी सत्र से कृषि महाविद्यालय के संचालन की कार्यवाही पूर्ण हो गई है। आगामी दिनों में मेडिकल काॅलेज, सैनिक स्कूल खोलने का भी प्रयास है।
डायमण्ड पार्क की स्थापना भी शीघ्र होगी। मंत्री ने कहा कि नगर विकास के लिए कृत संकल्पित है। सदैव जनता के सुख-दुख में भी सहभागी रहेंगे। नपाध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय ने कहा कि यात्रा के माध्यम से विकास के नये आयाम स्थापित होंगे। पन्ना निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। यह यात्रा आमजनों तक शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए बेहतर माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड के नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण का प्रयास सुनिश्चित किया गया है। सभी वार्डों में क्रियान्वित विकास कार्यों की जानकारी से भी अवगत कराया। कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की भांति विकास यात्रा में लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करना सुनिश्चित किया गया है। प्रत्येक पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ के लिए आगे आएं। विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी और समय सीमा में लाभ दिलाया जाएगा। अपात्रता अथवा किसी दस्तावेज के अभाव में आवेदक को मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुशासन की कड़ी में विकास यात्रा निकाली जा रही है। किन्हीं कारणोंवश विकास यात्रा में आवेदन नहीं कर सके नागरिक नगर पालिका कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रशासन समयावधि में लाभ सुनिश्चित करने के लिए कृत संकल्पित है। अंत्योदय का उद्देश्य भी समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।
यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत, सफाईकर्मियों का किया सम्मान
विकास यात्रा के दौरान खनिज मंत्री अजयगढ़ चैराहा से जनकपुर तक पैदल भ्रमण कर वार्डों में पहुंचे। इस दौरान जगह-जगह फूलवर्षा कर यात्रा का स्वागत-अभिनंदन किया गया। मंत्री ने सफाईकर्मियों के माला पहना कर आत्मीय स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में यात्रा में सहभागिता की। नपाध्यक्ष सहित सभी पार्षदगण और जिला कलेक्टर द्वारा भी वार्डों में पैदल भ्रमण किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया। इस मौके पर हितग्राहियों द्वारा योजनाओं का लाभ मिलने पर जीवन में आए बदलावों के बारे में अवगत कराया गया। कन्या पूजन कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। मलखम्भ प्रतियोगिता में जिले का नाम रोशन करने वाली बेटी प्राची रैकवार का सम्मान भी किया गया।

शहरी विकास की सभी योजनाओं का लाभ नागरिकों को मिलेगा
खनिज मंत्री श्री सिंह विकास यात्रा के दौरान जनकपुर पहुंचे। यहां आयोजित सभा के दौरान कहा कि जनकपुर नगरीय क्षेत्र में शामिल होने के कारण अब यहां के सभी नागरिकों को शहरी विकास योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। उन्होंने अवगत कराया कि आगामी मार्च माह मंे सारंगधाम मंदिर, झिन्ना आश्रम सहित अन्य स्थानों पर गरीब बेटियों के सामूहिक विवाह के कार्यक्रम करवाए जाएंगे। आगामी दिनों में लागू होने वाली लाडली बहना योजना के बारे में भी अवगत कराया गया। जिला कलेक्टर द्वारा जनता को विकास यात्रा के दौरान प्राप्त आवेदन और विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि ग्रामजन सुविधा केन्द्रों में पुस्तकालय खोले जाएंगे। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में एलईडी टी.वी. स्थापित कर ग्रामीणजनों को शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास यात्रा के दौरान यह सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी पात्र हितग्राही को अपने हक व अधिकार के लिए भटकना न पड़े।

बीमा पाॅलिसी का किया वितरण
खनिज साधन मंत्री ने ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर में आयोजित विकास यात्रा के कार्यक्रम में कहा कि लक्ष्मीपुर में कृषि महाविद्यालय के संचालन से कृषि क्षेत्र में भविष्य निर्माण के इच्छुक प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को अध्ययन का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि जरूरी प्रयास कर मात्र सैद्धांतिक स्वीकृति के आधार पर ही कैबिनेट से स्वीकृति की प्रत्याशा में महाविद्यालय संचालन के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई। इसके लिए जिला कलेक्टर के निर्देशन में कृषि महाविद्यालय शुरू करने के लिए जुटी टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने इस अवसर पर मेरी पाॅलिसी मेरे हाथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया और किसानों को पाॅलिसी का वितरण किया। प्रतीक स्वरूप मत्स्य विभाग, बी.पी.एल. कार्ड, पेंशन योजना के हितलाभ का वितरण भी किया गया। इस दौरान लक्ष्मीपुर पैलेस के सौन्दर्यीकरण की बात भी कही।

बड़खेरा बनेगा राजस्व ग्राम
मंत्री ने लक्ष्मीपुर के निकट बड़खेरा को राजस्व ग्राम बनाने की घोषणा की। इसके लिए पंचायत से प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। 5 लाख रूपए लागत की सी.सी. रोड की सौगात भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में सड़कों का महत्वपूर्ण योगदान है। पन्ना-पहाड़ीखेरा मार्ग का काम शुरू हो गया है। पहाड़ीखेरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और बृजपुर-छतैनी सड़क स्वीकृति की जानकारी भी दी। बमीठा से सलैया-बहेरा तक फोरलेन सड़क की सौगात की जानकारी से भी ग्रामवासियों को अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ प्रदान किया जाएगा। स्वामित्व योजना में गरीब व्यक्तियों को भू अधिकार पत्रों का वितरण होगा। उन्होंने लोगों से बढ़-चढ़ कर योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की अपील की।

फीता काटकर कराया गृह प्रवेश
खनिज साधन मंत्री, नपाध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के हितग्राही वार्ड क्रमांक 4 निवासी आशाराम वंशकार को स्वयं के पक्के मकान में गृह प्रवेश कराया। आशाराम के घर में फीता काटकर गृह प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर परिवारजनों से चर्चा कर अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली। परिजनों द्वारा मंत्री और अन्य अतिथियों का आत्मीय स्वागत भी किया गया। खनिज मंत्री ने बंगाली समाज बाहुल्य ग्राम रक्सेहा में ग्रामवासियों के साथ सामूहिक भोज भी किया




Subscribe to my channel