Uttar Pradesh News बीती शाम घर से खेत में पानी लगाने निकले किसान का शव शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया।

रिपोर्टर सलमान रायबरेली उत्तरप्रदेश
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की मौत दौरा पड़ने से हुई वहीं परिजनों ने मृतक को ऐसी किसी भी बीमारी के होने से इंकार किया है। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के बावन बुजुर्ग बल्ला गांव निवासी किसान रामकुमार (55) पुत्र छीटू शुक्रवार की शाम करीब तीन बजे घरवालों से नवोदय विद्यालय के पीछे भट्ठे के पास स्थित खेत में पानी लगाने को कहकर निकले थे।देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी खोज बीन शुरू कर दी, लेकिन उनका पता नहीं चला। शनिवार की सुबह रामकुमार के परिजनों को भट्ठे के पास गांव जाने वाली सड़क के किनारे खंती में उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में औंधे मुंह पड़ा मिला,कमर में लिपटे अंगौछे में पानी में उपजने वाला केरमुवा साग बंधा मिला। वहीं मृतक के चेहरे पर खून लगा होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिले से फारेंसिक टीम बुला ली। फारेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में कोतवाल श्याम कुमार पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनो की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। प्रथम दृष्टया अधेड़ की मौत दौरा पड़ने से हुई है,पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।

Subscribe to my channel