Uttar Pradesh News खनन से हुए गड्ढे में छिन गई चार जिंदगियां, मां बाप भी बच्चों के शव देख कर गए कांप, डीएम बोले गहराई से होगी पड़ताल

रिपोर्टर अजीत अग्निहोत्री हरदोई उत्तर प्रदेश
पचदेवरा, हरदोई जिले में पचदेवरा थाना क्षेत्र के मैकपुर गांव में खनन से हुए गड्ढे में डूबकर चार मासूमों की मौत के बाद गांव में मातम पसर गया | मृतकों और उनके पड़ोसियों के घरों में चूल्हे नहीं जले | उधर, दूसरी ओर डीएम ने पूरे मामले की जांच कराने का निर्णय लिया है | प्राथमिक जांच में स्पष्ट हो गया कि गंगा एक्सप्रेस वे के निर्माण में लगी कंस्ट्रक्शन कंपनी ने खनन के लिए खेत मालिक से अनुमति लेकर विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही खनन किया था | जांच इस बात की होनी है कि कहीं तय मानक से अधिक का खनन तो नहीं किया गया है | इसके लिए शुक्रवार को शाहाबाद तहसील की एक टीम मौके पर निरीक्षण कर पड़ताल करेगी | मैकपुर गांव में साबिर के पुत्र अजमत और सद्दाम व शौकीन के पुत्री खुशनुमा और पुत्र मुस्तकीम खेलते समय खेत के गड्ढे में भरे पानी में नहाने गए थे | इसी दौरान डूबने से चारों की मौत हो गई | राजस्व विभाग से जुड़े विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण करने वाली कंपनी को निर्माण कार्यों में मिट्टी की आवश्यकता पड़ती है | इसके लिए किसानों से बात कर उधार क्षेत्र अनुमोदन और एनओस ली जाती है | कुरारी गांव में गाटा संख्या 40, 32 और 149 (मी)में खनन की अनुमति ली गई थी |
खनन छः फीट की गहराई तक ही हो सकता है
खनन का कार्य 16 जून 2023 से 14 अगस्त 2023 के बीच किए जाने की अनुमति दी गई थी | जिन लोगों के खेतों में अनुमति थी उनमें शेर बहादुर, ओमदेवी, हरिहर सिंह, मुखराम और शब्बीर अहमद हैं | जारी अनुमति के मुताबिक संबंधित कार्यदाई संस्था 1.8 मीटर गहराई तक ही खनन किया जा सकता है |
कितने फीट गहरा खनन हुआ इसकी जांच होगी
अब यही जानकारी जुटाई जाएगी कि जिन गड्ढों में भरे पानी में डूब कर बच्चों की मौत हुई है वह किस गाटा संख्या में है | अगर अनुमति प्राप्त उधार क्षेत्र में यह आता है, तो कितने फीट गहरा खनन हुआ इसकी जांच की जाएगी | इसके अलावा अगर खनन संबंधित गाटा संख्या से अलग मिलेगा तो भी पूरे मामले से शासन को अवगत कराया जाएगा |
मां बाप के भी दिल बच्चों के शव देखकर कांप गए
मैकपुर निवासी शौकीन के घर में तीन दिन पहले ही खुशियां आई थी | उसकी पत्नी सलमा बानो ने एक बच्ची को जन्म दिया था | बच्ची का जन्म परिवार के लिए खुशी का सबक था | दरअसल कुछ समय पहले शौकीन के एक बेटे की मौत बीमारी के कारण हो गई थी | इससे परिजन आहत थे | कौन जानता था कि दुख का पहाड़ फिर टूट पड़ेगा |

Subscribe to my channel