ब्रेकिंग न्यूज़मध्यप्रदेशराज्य
Madhya Pradesh News घर-घर जाकर करें मतदाता सूची से संबंधित कार्य – जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सिडाना
बीएल सुपरवाइज़र एवं बीएलओ की बैठक में निर्देश

रिपोर्टर इन्द्रमेन मार्को मण्डला मध्य प्रदेश
मण्डला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने शनिवार को निवास क्षेत्र के अपने भ्रमण के पश्चात निवास अनुविभाग के सभी बीएलओ एवं बीएल सुपरवाइज़र की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि बीएलओ एवं बीएल सुपरवाइज़र आगामी 25 जुलाई तक मतदाता सूची के अंतर्गत चल रहे कार्यों को अत्यंत गंभीरता के साथ पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, आगामी 1 अक्टूबर को 18 वर्ष के हो रहे युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम काटने तथा संशोधन संबंधी प्रक्रिया को गंभीरता के साथ पूरा करें तथा 25 जुलाई को उक्त कार्यवाही से संबंधित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र का नाम दर्ज हो। इसी प्रकार फर्जी मतदाता पाए जाने पर नाम काटें।

मतदान केंद्रों में व्यवस्था सुनिश्चित करें
कलेक्टर ने दोनों पालियों की बैठक के दौरान सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइज़र को निर्देशित किया कि सभी मतदान केंद्रों का भ्रमण करते हुए उसमें ज़रूरी व्यवस्था सुनिश्चित करें। मतदान केंद्रों में लाईट, दिव्यांगजनों के लिए रैंप, फ़र्नीचर, पानी, शौचालय, नेटवर्क, सफ़ाई आदि अनिवार्य रूप से हो। किसी प्रकार की कमियां पाए जाने पर तत्काल एसडीएम के संज्ञान में लाएं एवं मतदान केंद्रों की व्यवस्था दुरुस्त कराएं। उन्हांेने कहा कि सभी बीएलओ संपूर्ण निर्वाचन गतिविधियों के साथ सक्रिय एवं सतर्कता के साथ काम करेंगे।
निष्ठा, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ करें चुनाव
कलेक्टर ने सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइज़र को निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्यों के दौरान गंभीरता बरतें। निर्वाचन से संबंधित नियमों की जानकारी रखें। निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल संपर्क करें। कलेक्टर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होने कहा कि सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक व्यक्ति निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ काम करेंगे।

Subscribe to my channel