Madhya Pradesh News : छतरपुर: दिव्यांग किसान के साथ 5 साल तक धोखाधड़ी, किसान सम्मान निधि के 42,700 रुपये फोन-पे से निकाले, BNS 318 के तहत केस दर्ज

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
झमटुली / छतरपुर। ग्राम पंचायत कटरा, थाना सटई, जिला छतरपुर में मानवता को शर्मसार करने वाला धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां एक मानसिक रूप से दिव्यांग और अनपढ़ किसान के साथ पिछले 5 साल से लगातार फ्रॉड किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की शिकायत रामप्रसाद पटेल पिता बाला प्रसाद पटेल, निवासी ग्राम कटरा ने दर्ज कराई है। रामप्रसाद ने बताया कि पीड़ित उनके चाचा बच्चू पटेल पिता भल्ला पटेल हैं, जो ग्राम कटरा के ही निवासी हैं।
आधार कार्ड के बहाने खुलवाया खाता, पासबुक रख ली अपने पास रामप्रसाद पटेल ने पुलिस को बताया कि उनके चाचा बच्चू पटेल मानसिक रूप से दिव्यांग और अनपढ़ हैं। इसी का फायदा उठाते हुए गांव के ही रामगोपाल पाल ने धोखाधड़ी की साजिश रची। आरोप है कि रामगोपाल पाल ने आधार कार्ड बनवाने के बहाने उनके चाचा को सटई ले जाकर बड़ौदा बैंक में खाता खुलवा लिया। खाता खुलने के बाद उसने पासबुक और एटीएम कार्ड अपने पास ही रख लिया। बैंक खाते में रामगोपाल ने अपना ही मोबाइल नंबर लिंक करा दिया, जिससे खाते का सारा नियंत्रण उसी के पास रहा।

2021 से 2025 तक किसान सम्मान निधि का पैसा निकालता रहा पीड़ित बच्चू पटेल को किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलता था। सरकार द्वारा भेजी जाने वाली सम्मान निधि की राशि सीधे इसी बड़ौदा बैंक खाते में आती थी। शिकायत के अनुसार आरोपी रामगोपाल पाल 2021 से 2025 तक लगातार इस पैसे को फोन-पे के जरिए निकालता रहा।इस बात का खुलासा तब हुआ जब रामप्रसाद अपने चाचा बच्चू पटेल को खाता खुलवाने के लिए मिनी ब्रांच लेकर गए। वहां ब्रांच संचालक ने बताया कि बच्चू पटेल के नाम से बड़ौदा बैंक में खाता पहले से ही जनरेट है और उसमें पैसे आते हैं और तुरंत निकल जाते हैं।

शक होने पर रामप्रसाद बड़ौदा बैंक छतरपुर गए और वहां से खाते की स्टेटमेंट निकलवाई। स्टेटमेंट देखकर उनके होश उड़ गए। स्टेटमेंट में साफ दिख रहा था कि चाचा के खाते से फोन-पे के माध्यम से कुल 42,700 रुपये निकाल लिए गए हैं। एटीएम कार्ड आज भी आरोपी रामगोपाल पाल के पास है। थाना सटई में FIR दर्ज, FIR No. 402271 रीठी में भी दर्ज इसके बाद पीड़ित परिवार थाना सटई पहुंचा और पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए BNS 2023 की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। इससे पहले इसी मामले में थाना रीठी, जिला कटनी में FIR नंबर 402271 दिनांक 14.09.2025 को भी दर्ज की गई थी, जिसकी जांच सहायक उप निरीक्षक जितेन्द्र प्रसाद पांडे कर रहे हैं।

गरीब परिवार, दो छोटे बच्चे, भीख मांगकर गुजारा रामप्रसाद ने बताया कि उनके चाचा बच्चू पटेल बेहद गरीब परिवार से हैं। उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। दिव्यांग होने के कारण वे गांव और बाजार में घूम-घूम कर सब्जी और पैसे मांगकर अपना और बच्चों का पेट पालते हैं। परिवार के लोग भी थोड़ी बहुत मदद कर देते हैं। ऐसे व्यक्ति के साथ इस तरह की धोखाधड़ी पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। परिवार की मांग – पैसा वापस मिले, आरोपी को सजा मिले पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी रामगोपाल पाल को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और उनके चाचा के 42,700 रुपये वापस दिलाए जाएं। परिवार को प्रशासन से न्याय की पूरी उम्मीद है।
ग्रामीणों ने भी मांग की है कि ऐसे मामलों में बैंक को भी सतर्कता बरतनी चाहिए ताकि अनपढ़ और दिव्यांग किसानों के साथ कोई धोखा न कर सके।




Subscribe to my channel