Madhya Pradesh News : नाव से नदी पार कर प्रशासन की टीम पहुंची प्रभावित गांव खारियानी, ग्रामीणों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ
नाव से नदी पार कर ट्रैक्टर से कैंप पहुंचे एसडीएम, ग्रामीणों से संवाद कर सुनी समस्याएं

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशन में केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से ग्राम खारियानी में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त कर लाभ दिलाने की कार्यवाही की।
ग्रामीणों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों ने कठिन रास्ता भी तय किया। नवागत अनुविभागीय अधिकारी बिजावर ऋषिकेश ठाकरे विभागीय अधिकारियों के साथ नाव से नदी पार कर तथा इसके बाद ट्रैक्टर से ग्राम खारियानी पहुंचे। नवागत एसडीएम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाने के निर्देश दिए।
शिविर में 74 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में आयुष विभाग द्वारा 41 तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा 33 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के उपरांत आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया।
विभिन्न योजनाओं के लिए प्राप्त हुए आवेदन
शिविर में लाड़ली बहना योजना के 31 आवेदन प्राप्त हुए। पशुपालन विभाग द्वारा डेयरी, बकरी पालन एवं भैंस पालन से संबंधित 17 आवेदन लिए गए। इसके अलावा पेंशन योजना के 4 तथा बीपीएल से संबंधित 7 आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर के माध्यम से प्रभावित ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी और आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर योजनाओं से जोड़ा जा रहा ग्रामीणों को केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित व्यक्तियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ ही पुनर्वास एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
10 सितंबर को कुपी में आयोजित होगा शिविर
केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के क्रम में 10 सितंबर को ग्राम कुपी में शिविर आयोजित किया जाएगा।



Subscribe to my channel