IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News : 20 वर्षों से कोटेदार के रूप में सेवाएं दे रहे अजीजुर्रहमान उर्फ जावेद का निधन, रुपईडीहा में शोक

जूनियर रिपोर्टर रमेश कुमार बहराइच उ.प्र.

रुपईडीहा, बहराइच। नगर पंचायत रुपईडीहा में करीब दो दशकों से लगातार कोटेदार, सरकारी खाद्यान्न वितरण का कार्य सुचारू रूप से निभा रहे थेl अजीजुर्रहमान सिद्दीकी उर्फ जावेद के असमय निधन से रुपईडीहा नगर पंचायत सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम अजीजुर्रहमान उर्फ जावेद अपनी पत्नी के साथ मटेरा के निकट से रुपईडीहा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि जावेद को काफी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए नानपारा ले जाया गया। नानपारा में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर कर दिया। बहराइच में भी हालत में अपेक्षित सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ के लिए रेफर कर दिया।

परिजन उन्हें लेकर लखनऊ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और बताया जाता है कि उन्होंने दम तोड़ दिया। जावेद के निधन की खबर जैसे ही रुपईडीहा पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। उनके परिचितों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचकर परिवार के सदस्यों को सांत्वना देते रहे। लोगों ने उनके साथ बिताए समय को याद करते हुए उनके मिलनसार और सहयोगी व्यवहार का उल्लेख किया। बताया जाता है कि अजीजुर्रहमान उर्फ जावेद करीब 20 वर्षों से कोटेदार के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। लंबे समय तक राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े रहने के कारण नगर एवं आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते थे। उनके अचानक निधन से लोगों में गहरा दुख है। रविवार को उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, परिचित, रिश्तेदार और शुभचिंतक शामिल हुए। गमगीन माहौल में उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बताया गया कि मृतक अपने पीछे पत्नी और एक बहन को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र के लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button