IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News : पुलिस लाइन महराजगंज में श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

📍डीएम गौरव सिंह सोगरवाल व एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना एवं आरती

ब्यूरो चीफ सुनील कुमार जयसवाल महाराजगंज उत्तर प्रदेश

महराजगंज। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी स्थापित की गई।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी महराजगंज श्री गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा विधि-विधानपूर्वक भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। दोनों अधिकारियों ने भगवान श्रीकृष्ण से जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी एवं साज-सज्जा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की।

रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के शुभ अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साथ ही ‘जय श्रीकृष्ण’ एवं ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं द्वारा भक्ति एवं उल्लास के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस परिवार के बच्चों एवं परिजनों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। पुलिस लाइन में आयोजित इस आयोजन ने पुलिस परिवार के सदस्यों को एक साथ मिलकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व मनाने का अवसर प्रदान किया।

जनपद के विभिन्न थाना परिसरों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया, जहां पुलिसकर्मियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाकर पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक व सभी क्षेत्राधिकारीगण सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button