Chhattisgarh News : जांजगीर में सीनियर सिटीजन एवं पेंशनर्स के लिए साइबर जागृति कार्यक्रम आयोजित

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय, IPS के निर्देशन में जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत 3 सितंबर 2026 को जिला पंचायत के ऑडिटोरियम हॉल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिले के पेंशनर्स, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क के नेतृत्व में किया गया।
इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर्स को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने समझाया कि साइबर ठग अक्सर पुलिस अधिकारी, बैंक कर्मचारी, न्यायालय या किसी सरकारी विभाग के अधिकारी बनकर लोगों को डराने या झांसे में लेने का प्रयास करते हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी से रहें सावधान
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग फोन के माध्यम से पुलिस अधिकारी या अन्य सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को किसी अपराध में फंसाने की धमकी देते हैं और “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर पैसे ऐंठने का प्रयास करते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
संदिग्ध लिंक और APK फाइल से रहें सतर्क
पुलिस ने विशेष रूप से अनजान नंबरों से WhatsApp, SMS या सोशल मीडिया के जरिए भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक और APK फाइल से सावधान रहने की सलाह दी। बताया गया कि ऐसी फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल करने से मोबाइल का डेटा, OTP और बैंकिंग संबंधी जानकारी साइबर ठगों के हाथ लग सकती है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल पर क्लिक न करें और साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
Subscribe to my channel