Uttar Pradesh News : बिजली संकट पर युवाओं का आंदोलन रंग लाया, सुधार का प्रस्ताव शासन को भेजने का एसडीएम ने दिया भरोसा
चार दिन के आमरण अनशन के आगे झुका प्रशासन, जूस पिलाकर कराया अनशन समाप्त

रिपोर्टर राजकिशोर मौर्य बहराइच उत्तर प्रदेश
मोतीपुर/बहराइच। बलहा विधानसभा क्षेत्र की बदहाल विद्युत व्यवस्था के खिलाफ चार दिनों से अन्न-जल त्यागकर बैठे युवाओं के आंदोलन के आगे आखिरकार प्रशासन को वार्ता की मेज पर आना पड़ा। बुधवार को उप जिलाधिकारी मिहींपुरवा मोनालिसा जौहरी अनशन स्थल पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से बातचीत के बाद समस्याओं के समाधान के लिए सुधारात्मक प्रस्ताव शासन को भेजने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद एसडीएम ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर आमरण अनशन समाप्त कराया।
आमरण अनशन पर राहुल मदेशिया, ऋतिक सिंह, श्रेयांश यशस्वी, अभय यादव, उत्कर्ष प्रताप सिंह और नीरज सिंह समेत युवा डटे थे। चार दिनों तक अन्न-जल त्यागने के चलते अनशनकारियों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत कटौती, लो-वोल्टेज और अनियमित आपूर्ति समेत क्षेत्र की बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग उठाई थी।
एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि मांगपत्र में उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और विद्युत विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर समाधान का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। अनशन समाप्त कराने में मोतीपुर थानाध्यक्ष ब्रह्मा गौड़, एसडीएम और तहसीलदार की भूमिका रही।
आंदोलन को किसान संगठनों का भी समर्थन मिला। किसान यूनियन के दो जिलाध्यक्षों सहित स्थानीय पदाधिकारी शेख शाहनवाज हुसैन और अन्य पदाधिकारियों ने आंदोलन के समर्थन का ऐलान किया था।
हालांकि अनशन समाप्त हो गया है, लेकिन आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया है कि अब भरोसा आश्वासन पर नहीं, जमीन पर होने वाले काम पर होगा। युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।



Subscribe to my channel