Uttar Pradesh News : अखंड भारत संकल्प दिवस पर चकिया में हुआ भव्य आयोजन, भारत माता की आरती में उमड़ी भीड़
रिपोर्टर पवन कुमार सिंह चंदौली उ.प्र.
चकिया, चंदौली। अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर चकिया में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ भारत माता की आरती की गई। राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और अखंड भारत के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिव्यांग पीठ के महामंडलेश्वर कृपाचार्य जी महाराज रहे। उनके साथ पवन कुमार सिंह, प्रांतीय संयोजक, काशी प्रांत, ए.के. राय, लेबर कमिश्नर, मनोज गुप्ता, राजेश चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि कृपाचार्य जी महाराज ने कहा कि अखंड भारत केवल भौगोलिक सीमा का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। भारत की सनातन संस्कृति ने सदैव पूरे विश्व को एक परिवार मानने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को देश के इतिहास, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। राष्ट्र के प्रति समर्पण और सामाजिक एकता के माध्यम से ही मजबूत भारत का निर्माण संभव है। पवन कुमार सिंह ने कहा कि अखंड भारत संकल्प दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत की याद दिलाता है। भारत की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवनभर निभाया जाने वाला संकल्प है। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के जयघोष और भारत माता की आरती से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा का संकल्प लिया। आयोजन का समापन राष्ट्रहित और समाज की सेवा के संकल्प के साथ हुआ।



Subscribe to my channel