IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Madhya Pradesh News : करौंदिया नवीन बसाहट में वर्तमान में जलभराव की कोई स्थिति नहीं

प्रशासन ने अस्थायी जलनिकासी की व्यवस्था कराई, स्थायी बिजली लाइन का कार्य एक सप्ताह में

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश

स्थाई जल निकासी सहित सड़क निर्माण आदि कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही बारिश के बाद विद्युत सुरक्षा के लिए लाइन शिफ्टिंग की तैयारी, पीएचई टीम ने हैंडपंप के लिए किया सर्वे केन-बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत ग्राम ढौढ़न से विस्थापित परिवारों को ग्राम करौंदिया की नवीन बसाहट में पुनर्वासित किया गया है। परिवारों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। विगत दिनों हुई बारिश के दौरान बसाहट में वर्षाजल निकासी के लिए प्रशासन द्वारा तत्काल अस्थायी व्यवस्था कराई गई। आवश्यक स्थानों पर कच्चे चैनल बनाकर पानी को प्राकृतिक नाले की ओर प्रवाहित किया गया। वर्तमान में नवीन बसाहट में जलभराव की कोई स्थिति नहीं है। साथ ही स्थाई जल निकासी प्रणाली, सड़क, बिजली, नाला आदि के लिए कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है। बारिश के दौरान विद्युत संबंधी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए स्थायी बिजली लाइन बिछाने का कार्य को प्राथमिकता दी गई है, जिसे लगभग एक सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य है। जिसमें लाइन शिफ्टिंग, लाइन खड़ी करना, ट्रांसफार्मर स्थापित कर घर घर कनेक्शन जारी किये जायेंगे।

हैंडपंप स्थापना के लिए पीएचई टीम ने किया सर्वे पेयजल सुविधा को बेहतर बनाने के लिए आज लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) की टीम ने हैंडपंप स्थापना के लिए स्थल सर्वे किया। उपयुक्त स्थानों का चयन कर हैंडपंप स्थापित किए जाएंगे। साथ ही उपलब्ध जलस्रोत के पानी को सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित मात्रा में क्लोरीनेशन कराया जा रहा है। नवीन बसाहट में स्थायी वर्षाजल निकासी, सड़क, विद्युत, पेयजल, सामुदायिक भवन, आंगनवाड़ी एवं प्राथमिक शाला सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। स्वीकृति के बाद आवश्यक कार्य प्राथमिकता से कराए जाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थायी व्यवस्थाएं विकसित करने की दिशा में भी लगातार कार्यवाही की जा रही है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button