IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News : इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक उन्नति, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और बेहतर कैरियर निर्माण के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

ब्यूरो चीफ सुनील कुमार जयसवाल महाराजगंज उत्तर प्रदेश

महराजगंज, 20 अगस्त 2026, डॉ. बी.आर. अंबेडकर महाविद्यालय में जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने छात्र-छात्राओं से प्रेरक संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक उन्नति, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और बेहतर कैरियर निर्माण के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। संवाद में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं स्नातक कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से उनके कैरियर लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अपने व्यक्तिगत अनुभवों और रणनीतियों को भी विद्यार्थियों के साथ साझा किया। इससे छात्र-छात्राओं को कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर व्यावहारिक मार्गदर्शन मिला। विद्यार्थियों ने परीक्षाओं में असफलता के कारण उत्पन्न तनाव और उससे निपटने के उपायों को लेकर जिलाधिकारी से सवाल किए। जिलाधिकारी ने कहा कि असफलता सफलता की राह में एक पड़ाव है, अंतिम परिणाम नहीं। विद्यार्थियों को तनाव से बचने के लिए अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने और निरंतर प्रयास करते रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपना शत-प्रतिशत प्रयास करना चाहिए और परिणाम की चिंता किए बिना अपनी तैयारी को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में मौजूद विभिन्न प्रकार के भटकाव से दूर रहने और अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए अनुशासन, निरंतरता, परिश्रम और आत्मविश्वास अत्यंत आवश्यक हैं। अपनी कमजोरियों को पहचानकर ईमानदारी से उन पर काम करने वाला व्यक्ति निश्चित रूप से आगे बढ़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से समाचार पत्र एवं पत्रिकाएं पढ़ने तथा देश-दुनिया की अद्यतन घटनाओं से अवगत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्य अध्ययन और समसामयिक घटनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए अध्ययन को अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। व्यक्ति जिस भी कार्य को चुने, उसमें पूरी ईमानदारी, लगन और अपना शत-प्रतिशत योगदान दे। निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच से सफलता अवश्य प्राप्त होती है। विद्यार्थियों ने जिलाधिकारी के अनुभवों और प्रेरक विचारों को ध्यानपूर्वक सुना तथा संवाद को अपने कैरियर निर्माण के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताया। संवाद का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयास की भावना को मजबूत करना रहा।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button