Uttar Pradesh News : प्रिशा की मौत पर फूटा आक्रोश, निष्पक्ष जांच की मांग
Uttar Pradesh News : कैंडल मार्च निकालकर दी श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीओ को सौंपा

रिपोर्टर नौरोज़ हैदर बिजनौर उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश जनपद बिजनौर के हल्दौर नगर में सात वर्षीय मासूम प्रिशा की कथित चिकित्सकीय लापरवाही के चलते हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना से आक्रोशित नगर एवं क्षेत्रवासियों ने कैंडल मार्च निकालकर मासूम को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कैंडल मार्च में नारी शक्ति समेत विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, व्यापारिक और धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में मोमबत्तियां लेकर लोगों ने प्रिशा को श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की आवाज बुलंद की। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडे को सौंपा गया। ज्ञापन में चिकित्सक पंकज चौधरी पर लगाए गए कथित लापरवाही के आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मासूम की मौत के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जांच प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
कैंडल मार्च में प्रेस क्लब हल्दौर, उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, भारतीय जनता युवा मोर्चा, ब्राह्मण सभा, समाजवादी पार्टी, ब्राह्मण जागृति फाउंडेशन, महाराणा प्रताप क्षत्रिय राजपूत सभा, व्यापारी सुरक्षा फोरम, श्री राधा कृष्ण सेवा सोसायटी, गोल्डन लायनेस क्लब, श्री सत्संग मंडल, श्री राधा कृष्ण सेवा संस्था, जीएसएन इंटरनेशनल एकेडमी, इंडस्ट्रियल क्लब, मां दुर्गा प्रभात मेमोरियल युवा कमेटी, श्याम परिवार, रोटरी क्लब, राष्ट्रीय लोक दल, क्षेत्रीय ब्राह्मण सभा, दलित समाज समिति, श्री शिव मंदिर कमेटी, व्यापारी एकता परिषद और युवा ब्राह्मण एकता मंच बिजनौर समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

सभी संगठनों ने एक स्वर में कहा कि प्रिशा को न्याय मिलना चाहिए। साथ ही जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
Subscribe to my channel