Madhya Pradesh News : 108 एम्बुलेंस सेवा में लापरवाही पर कार्रवाई, 2.30 लाख का लगाया जुर्माना
मंडला। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, मंडला श्रीमती डीजे मोहंती द्वारा बताया गया कि 29 जुलाई 2026 को जिला मंडला संस्करण के दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित समाचार एवं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के संबंध में 108 एम्बुलेंस सेवा में लापरवाही तथा ऑक्सीजन की उपलब्धता से संबंधित प्रकरण की जांच कराई गई। प्रकरण में 21 वर्षीय मरीज की मृत्यु के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा मिशन संचालक को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि मरीज के परिवहन के दौरान 108 एम्बुलेंस में ऑक्सीजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी ईएमटी, जिला समन्वयक एवं संबंधित संस्था की थी। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए मिशन संचालक, भोपाल द्वारा संबंधित संस्था के साथ निष्पादित अनुबंध की शर्तों के तहत कार्रवाई की गई है। इसके अंतर्गत संबंधित एम्बुलेंस वाहन के एक माह के संपूर्ण परिचालन व्यय की राशि 2,30,677 को शास्ति (पेनल्टी) के रूप में काटा गया है।

वहीं, जिला प्रशासन द्वारा भी प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रतिवेदन के आधार पर 108 एम्बुलेंस सेवा के प्रोजेक्ट हेड, जिला समन्वयक एवं संबंधित ईएमटी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा मरीजों को समय पर सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
Subscribe to my channel