Madhya Pradesh News : जन विश्वास अभियान के आवेदनों का त्वरित निस्तारण करें – कलेक्टर
समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य विषयों पर की गई समीक्षा

ब्यूरो चीफ इन्द्रमेन मार्को मंडला मध्यप्रदेश
मंडला ।कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि जन विश्वास अभियान शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसकी कड़ी मॉनिटरिंग सीधे मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश द्वारा की जा रही है। इसलिए शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने शुक्रवार को समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में 7 अगस्त को मोहगांव में आयोजित शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर से पहले ही सभी संबंधित जिला अधिकारी अपने विभाग की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की जांच कर उनका निराकरण सुनिश्चित करें। शिविर में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही समाधान कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विकासखंडों में शुक्रवार को जन विश्वास शिविर नहीं लग रहे हैं, वहां भी सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समय पर निराकरण आवश्यक है, क्योंकि जिले की रैंकिंग संपूर्ण जिले में किए गए कार्य के आधार पर तय होगी। आगामी 14 अगस्त को विकासखंड मवई में लगने वाले शिविर की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि वहां भी मोहगांव की तर्ज पर पूरे दिन समीक्षा और भ्रमण किया जाएगा। मवई में पहले विभागीय समीक्षा, इसके बाद उद्यमी संवाद और कृषक संवाद होंगे। अंत में जनसंवाद के दौरान विभाग अपनी योजनाओं की जानकारी देंगे और उसके बाद हितग्राहियों के आवेदन लिए जाएंगे।

सीएम हेल्पलाइन और टीएल पत्रों पर विशेष फोकस टीएल पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पत्रों को व्यक्तिगत रूप से पढ़ें और समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करें। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में 50 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने, 1000 और 500 दिवस वाली शिकायतों को शून्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि जिले की मासिक रैकिंग जारी होने में अभी 10 दिवस का समय है, सभी संबंधित शिकायतों के निराकरण की गति बढ़ाएं। उन्होंने जन विश्वास अभियान के पहले शिविर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा छिंदवाड़ा में की गई कार्रवाई की चर्चा करते हुए कहा कि पुरानी शिकायतों की समीक्षा के दौरान ही वहाँ तीन पर कड़ी कार्रवाई की गई थी। उन्होंने मांग आधारित शिकायतों को नियमानुसार फोर्स क्लोज कराने और शासन स्तर से निराकरण वाली शिकायतों के लिए संबंधित से पत्राचार करने को कहा। वन अधिकार के लंबित दावे शीघ्र भेजें वन अधिकार समिति के लंबित दावा प्रकरणों के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि खंड स्तरीय समितियाँ सक्रियता से काम करें। अभी भी ग्राम पंचायत और खंड स्तर पर बड़ी संख्या में दावे लंबित हैं। जिला स्तर पर हर सप्ताह बैठक हो रही है, इसलिए खंड स्तरीय समितियां भी प्रकरणों को अपनी अनुशंसा के साथ जिला स्तर पर भेजना सुनिश्चित करें। बैठक में सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ एवं नदीमा शीरी सहित सभी जिला अधिकारी योजना भवन में उपस्थित रहे। शेष एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ, बीईओ और बीएमओ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।
Subscribe to my channel