IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News : शाकिब हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, सगा साला समेत चार गिरफ्तार

48 लाख में जमीन का हुआ था सौदा, दो लाख रुपये एडवांस मिलने के बाद रची गई हत्या की साजिश

रिपोर्टर गौरव सक्सेना जिला संवाददाता फर्रुखाबाद

सुलतानपुर/कोतवाली नगर क्षेत्र के लोलेपुर चौहानी में पांच दिन पूर्व हुई मोहम्मद शाकिब की हत्या का पुलिस ने शनिवार को खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह मृतक की हाईवे किनारे स्थित करीब पांच बिस्सा जमीन और उससे मिलने वाली रकम थी। मामले में मृतक के सगे साले समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों ने पहले शाकिब को शराब पिलाई और इसके बाद दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर शव को पास के तालाब में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात करीब 25 वर्षीय मोहम्मद शाकिब अपने ननिहाल लोलेपुर चौहानी से किसी काम के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश शुरू की तो अगले दिन घर से करीब 200 मीटर दूर तालाब के किनारे उसका शव मिला। शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। मृतक के पिता सहबान की तहरीर पर कोतवाली नगर में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। वही पुलिस की जांच में सामने आया कि शाकिब बचपन से अपने ननिहाल में रह रहा था। उसकी नानी ने उसे पक्का मकान और लखनऊ-वाराणसी हाईवे के किनारे करीब पांच बिस्सा जमीन दी थी।

पुलिस के मुताबिक, शाकिब ने यह जमीन 48 लाख रुपये में बेचने का एग्रीमेंट किया था और दो लाख रुपये एडवांस भी ले चुका था। शेष रकम बैनामा के समय मिलनी थी। पुलिस का दावा है कि शाकिब ने इस रकम के लिए नया बैंक खाता खुलवाया था और अपने मामा इलियास के बेटे अदीब अनवर उर्फ गोलू को नॉमिनी बनाया था। इसकी जानकारी उसकी पत्नी शब्बो को हुई तो उसने अपने भाइयों को बताया। आरोप है कि इसके बाद शाकिब के साले को आशंका हुई कि जमीन की रकम वह शराब और अन्य कामों में खर्च कर देगा और उनकी बहन को इसका लाभ नहीं मिलेगा। पुलिस के अनुसार, इसी के बाद शाकिब के साले सलमानुल हक उर्फ सलमान और उसके साथियों ने उसकी हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि योजना के तहत सलमान अहमद शाकिब को अपने साथ ले गया और शराब पिलाई। इसके बाद उसे गांव से बाहर ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद मो. हुसैन, मो. जीशान और सलमानुल हक उर्फ सलमान के साथ मिलकर दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में शव को जल निगम के तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली नगर पुलिस की चार टीमें लगाई गई थीं। शनिवार को पुलिस टीम राहुल चौराहा क्षेत्र में आरोपितों के संबंध में जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना से जुड़े चार लोग चौहानी से बाईपास जाने वाली सड़क पर विनोवापुरी के सामने महुए की बाग में बैठे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से चारों आरोपितों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस के सामने शाकिब की हत्या कर शव तालाब में फेंकने की बात स्वीकार की।

ये चार आरोपित गिरफ्तार

1. सलमान अहमद पुत्र सरदार, निवासी नकराही, थाना कोतवाली देहात, उम्र करीब 30 वर्ष — मृतक का दोस्त।
2. मो. हुसैन उर्फ गोलू पुत्र अबरार अहमद, निवासी लोलेपुर चौहानी, थाना कोतवाली नगर, उम्र 19 वर्ष — मृतक के सगे साले का दोस्त।
3. मो. जीशान पुत्र नुरूल हक, निवासी लोलेपुर चौहानी, थाना कोतवाली नगर, उम्र करीब 26 वर्ष — मृतक के सगे साले का दोस्त।
4. सलमानुल हक उर्फ सलमान पुत्र शमशुलहक, निवासी नकराही, थाना कोतवाली देहात, उम्र करीब 26 वर्ष — मृतक का सगा साला।

पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम हत्या के खुलासे और चारों आरोपितों की गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक सुरेश नारायण मिश्र, उपनिरीक्षक अविनाश चन्द्र, उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह, रिजर्व कांस्टेबल रविन्द्र कुमार और रिजर्व कांस्टेबल अवधेश गौड़ शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक की ओर से सफल अनावरण करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button