Uttar Pradesh News : मुजफ्फरनगर सदर तहसील के कई कार्यालयों में भरा बारिश का पानी, पानी में बैठकर काम करने को मजबूर कर्मचारी ।

रिपोर्टर एजाज नबी जैदी मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश
मुजफ्फरनगर: लगातार हो रही बारिश के चलते मुजफ्फरनगर सदर तहसील परिसर में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। तहसील परिसर स्थित कई कार्यालयों में बारिश का पानी भरने से कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि कुछ कार्यालयों के अंदर तक बारिश का पानी पहुंच गया है और कर्मचारी पानी के बीच बैठकर अपना सरकारी कामकाज निपटाने को मजबूर नजर आ रहे हैं। कार्यालयों में पानी भरने से जरूरी दस्तावेजों और रिकॉर्ड को भी नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है।

वहीं, तहसील में विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचने वाले फरियादियों और आम लोगों को भी जलभराव के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पानी के बीच से होकर कार्यालयों तक पहुंचना पड़ रहा है। तहसील परिसर में जलभराव की स्थिति ने जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों और तहसील आने वाले लोगों ने प्रशासन से जल्द पानी की निकासी कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।


Subscribe to my channel