Uttar Pradesh News : फतेहपुर: पानी के टब में महिला का शव मिलने से हड़कंप, पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज

रिपोर्टर शत्रुघन फ़तेहपुर उत्तर प्रदेश
फतेहपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र में 8 अगस्त 2026 को शालिनी यादव नामक महिला अपने आवास पर पानी के टब में मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, सिर और पैर पर चोट के निशान मिले हैं। घटना को लेकर मृतका के पति पर आरोप लगाए गए हैं। मृतका के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 9 अगस्त को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस बल के साथ घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और मामले की परिस्थितियों एवं कारणों की गहनता से जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस द्वारा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों को जुटाया जा रहा है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर क्षेत्राधिकारी खागा, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली सहित अन्य स्थानीय अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।


Subscribe to my channel