Madhya Pradesh News : संभागायुक्त के निरीक्षण में मिली गंभीर लापरवाही, दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी
बड़वाह एसडीएम एवं संदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय बिस्टान के प्राचार्य से तीन दिवस में मांगा स्पष्टीकरण

रिपोर्टर नरेंद्र खांडेकर खरगोन मध्य प्रदेश
खरगोन 06 अगस्त 2026। संभागायुक्त इंदौर श्री भास्कर लक्षकार द्वारा गत दिवस खरगोन जिले के निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों का गहन परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दो अधिकारियों के कार्यों में गंभीर लापरवाही एवं प्रशासनिक उदासीनता सामने आने पर उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें बड़वाह के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री सत्यनारायण दर्रो तथा शासकीय संदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय, बिस्टान के प्राचार्य श्री बलराम भंवर शामिल हैं। दोनों अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संभागायुक्त श्री लक्षकार ने निरीक्षण के दौरान शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों, लंबित प्रकरणों एवं विभागीय व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान पाया गया कि बड़वाह तहसील के ग्राम कारियामाल में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट की स्थापना के लिए शासकीय भूमि आवंटन का प्रकरण लंबे समय से लंबित है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद छह माह से अधिक समय तक न तो आवश्यक जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया और न ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की गई। इसे शासकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता मानते हुए संभागायुक्त के निर्देश पर कलेक्टर खरगोन श्री गुरू प्रसाद ने एसडीएम श्री सत्यनारायण दर्रो को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

इसी निरीक्षण के दौरान शासकीय संदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय, बिस्टान के संचालन एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा में भी गंभीर कमियां सामने आईं। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री बलराम भंवर द्वारा शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं प्रशासनिक अनियमितताएं पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यह नोटिस संभागायुक्त के निर्देश पर संभागीय उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जारी किया गया है। दोनों नोटिसों में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित तीन दिवस की अवधि में संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियमों एवं प्रचलित सेवा नियमों के तहत एकपक्षीय विभागीय कार्रवाई की जाएगी। संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार ने स्पष्ट किया है कि शासन की योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा प्रशासनिक शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके।


Subscribe to my channel