Chhattisgarh News : बलौदा बाजार की बेटी शिवांशी केसरवानी ने रचा इतिहास, केसरवानी समाज की बनीं पहली कमर्शियल पायलट

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
बलौदा बाजार की 21 वर्षीय शिवांशी ने अमेरिका से पूरा किया विमानन प्रशिक्षण, उपलब्धि से परिवार और पूरे छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान बलौदा बाजार। जिले की बेटी शिवांशी केसरवानी ने अपनी मेहनत और लगन से नया इतिहास रच दिया है। 21 वर्षीय शिवांशी ने कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) हासिल कर केसरवानी समाज की पहली कमर्शियल पायलट बनने का गौरव प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरा बलौदा बाजार जिला और छत्तीसगढ़ गौरवान्वित हुआ है। शिवांशी ने अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैक्रामेंटो के एडवांस एविएशन सेंटर से व्यावसायिक उड़ान प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। कठिन प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता और निर्धारित उड़ान मानकों को पूरा करने के बाद उन्हें आधिकारिक रूप से कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्रदान किया गया। अब वह कैप्टन शिवांशी केसरवानी के नाम से जानी जाएंगी।
कमर्शियल पायलट बनने के अपने सपने को पूरा करने के लिए शिवांशी ने विदेश जाने से पहले मुंबई के एक प्रतिष्ठित एविएशन प्रशिक्षण संस्थान में करीब एक वर्ष तक विमानन से जुड़े विभिन्न विषयों का अध्ययन किया। इस दौरान उन्होंने मौसम विज्ञान, विमान संचालन, टेकऑफ और लैंडिंग प्रक्रिया, फ्लाइट सेफ्टी, एयर रेगुलेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिवांशी केसरवानी, नितेश केसरवानी और भावना केसरवानी की पुत्री हैं, जबकि नरेंद्र (नंदू) केसरवानी और शोभा केसरवानी की पौत्री हैं। परिवार के सहयोग, अनुशासित तैयारी, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। परिजनों ने बताया कि शिवांशी बचपन से ही अपने लक्ष्य को लेकर समर्पित रहीं और उन्होंने लगातार मेहनत करते हुए अपने सपने को साकार किया। उनकी सफलता युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

शिवांशी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर केसरवानी समाज, नगर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। केसरवानी समाज की पहली कमर्शियल पायलट बनने का गौरव हासिल करने वाली शिवांशी की उपलब्धि बलौदा बाजार ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बन गई है।

Subscribe to my channel