Uttar Pradesh News : फतेहपुर: बाइक टक्कर के विवाद में बुजुर्ग की मौत, दो आरोपियों पर कार्रवाई की तैयारी
रिपोर्टर शत्रुघन फ़तेहपुर उत्तर प्रदेश
फतेहपुर। जनपद के थाना किशनपुर क्षेत्र के ग्राम चतुरपुर में बाइक की टक्कर के बाद हुए विवाद में एक 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को ग्राम चतुरपुर निवासी राजबहादुर अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार ग्राम संगोलीपुर निवासी गोविंद और महेंद्र की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों बाइकों को मामूली क्षति पहुंची, जिसके बाद दोनों पक्षों ने मौके पर ही आपसी समझौता कर लिया और अपने-अपने घर चले गए।
कुछ समय बाद गोविंद और महेंद्र दोबारा राजबहादुर के घर पहुंचे और पहले हुए हादसे को लेकर विवाद करने लगे। इस दौरान राजबहादुर के पिता रामबरन (62 वर्ष) ने बीच-बचाव और विरोध किया। आरोप है कि गोविंद और महेंद्र ने उनका गला पकड़कर धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe to my channel