Chhattisgarh News : कोयला परिवहन में लगे ट्रेलर की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्टर मनोज मानिकपुरी कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा (छत्तीसगढ़)। कोयला परिवहन में लगे एक अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बहारता (उर्फ दीवान दास), उम्र 48 वर्ष, निवासी जपेली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को वह सतर्कता चौक के पास से गुजर रहे थे, तभी कोयला परिवहन कार्य में लगे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और SECL का सुरक्षा अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खदान क्षेत्र और आसपास की सड़कों पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित आवाजाही लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा गया और उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। फिलहाल पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Subscribe to my channel