ब्रेकिंग न्यूज़

JPSC-JSSC परीक्षा विवाद पर धनबाद में छात्रों का उबाल, AISA ने रणधीर वर्मा चौक पर किया जोरदार प्रदर्शन

👉भर्ती परीक्षाओं में धांधली के आरोपों पर AISA का प्रदर्शन, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की उठाई मांग

👉युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो’— JPSC और JSSC-CGL को लेकर धनबाद में छात्रों का विरोध प्रदर्शन

👉पेपर लीक और भर्ती घोटालों के विरोध में AISA का हल्ला बोल, दोषियों पर कार्रवाई की उठी मांग

धनबाद: झारखंड की भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठ रहे विवादों के बीच सोमवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की धनबाद जिला इकाई ने रणधीर वर्मा चौक पर जोरदार प्रतिवाद प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 1:30 बजे आयोजित यह प्रदर्शन राज्यव्यापी आंदोलन के तहत किया गया, जिसमें 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा एवं JSSC-CGL भर्ती परीक्षा में कथित धांधली, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों ने आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र-छात्राओं और आइसा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर राज्य सरकार तथा परीक्षा एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि लगातार भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियां सामने आने से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है और युवाओं का सरकारी व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हो रहा है।

सभा को संबोधित करते हुए आइसा नेताओं ने कहा कि झारखंड के बेरोजगार युवा वर्षों से सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन हर बार भर्ती प्रक्रिया किसी न किसी विवाद में घिर जाती है। उनका कहना था कि पेपर लीक, कथित धांधली और परीक्षा संचालन में पारदर्शिता की कमी ने युवाओं के बीच गहरा असंतोष पैदा कर दिया है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार भर्ती परीक्षाओं को निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने में विफल रही है।

प्रदर्शन के दौरान संगठन ने कई प्रमुख मांगें भी सरकार के समक्ष रखीं। इनमें 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने, पेपर लीक एवं कथित धांधली में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने, JPSC एवं JSSC-CGL की नई भर्ती अधिसूचना पारदर्शी तरीके से जल्द जारी करने, JPSC-JET परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित करने, पूरी परीक्षा व्यवस्था को जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाने तथा वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी कर निर्धारित समय सीमा में सभी भर्ती प्रक्रियाएं पूरी करने की गारंटी देने की मांग शामिल रही।

आइसा नेताओं ने कहा कि यदि सरकार छात्रों की इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो संगठन राज्यभर में आंदोलन को और तेज करेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और छात्र हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।

इस प्रतिवाद कार्यक्रम में आइसा झारखंड राज्य सह-सचिव रितेश मिश्रा, राज्य उपाध्यक्ष स्नेहा महतो, अतीफ इमाम, अभिषेक सिंह, पल्लवी, साहिल, वर्षा, प्रियंका, ऋषू सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता एवं प्रतियोगी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button