Madhya Pradesh News : खरगोन पुलिस ने 1000 से अधिक नागरिकों एवं विद्यार्थियों के साथ लिया नशा मुक्त समाज का संकल्प

रिपोर्टर नरेंद्र खांडेकर खरगोन मध्य प्रदेश
पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा के द्वारा मौजूद नागरिकों व छात्र छात्राओं को अभियान के उद्देश्य से अवगत करवा कर दिलाई गई नशा न करने की शपथ विशाल LED स्क्रीन पर चलाए गए नशा मुक्ति से संबंधित शॉर्ट फिल्म व वीडियोज़ कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक व “नशा मुक्ति संबंधित” लोक गीत का किया गया मंचन पुलिस विभाग, क्रीडा विभाग, शिक्षा विभाग, आबकारी विभाग, सामाजिक न्याय विभाग एवं अन्य विभागों के 1000 से अधिक लोग रहे कार्यक्रम में मौजूद समाज में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति आज एक गंभीर सामाजिक चुनौती बन चुकी है । इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है । नशे की लत न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि अपराधों की बढ़ती घटनाओं का भी प्रमुख कारण बनती है । इसी उद्देश्य को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा दिनांक 15.07.2026 से 30.07.2026 तक प्रदेश भर में “नशे से दूरी है ज़रूरी – 2.0” जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं । इसी क्रम में आज पुलिस लाइन, खरगोन में “नशे से दूरी है ज़रूरी – 2.0” अभियान के समापन अवसर पर एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा ने उपस्थित नागरिकों, युवाओं एवं छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया । उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति की सोचने-समझने एवं सही निर्णय लेने की क्षमता को प्रभावित करती है, जिससे वह अपराध, हिंसा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों की ओर अग्रसर हो सकता है ।

इसका दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके परिवार, समाज एवं पूरे राष्ट्र के भविष्य पर भी पड़ता है । पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र वर्मा ने मौजूद नागरिकों का सम्बोधन करते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेल, शिक्षा एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया । उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि स्वयं नशे से दूर रहे और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करे, तो समाज को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जा सकता है । कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र वर्मा ने उपस्थित सभी नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई । इसके पश्चात विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने नशे, उसके दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव के उपायों से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे । पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र वर्मा ने सभी प्रश्नों के सरल, प्रेरणादायक एवं तथ्यात्मक उत्तर देते हुए विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उन्हें नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया ।

कार्यक्रम के दौरान विशाल LED स्क्रीन पर नशा मुक्ति विषय पर आधारित शॉर्ट फिल्में एवं जागरूकता वीडियो प्रदर्शित किए गए, जिनके माध्यम से नशे के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया । इसके साथ ही कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं नशा मुक्ति विषयक लोकगीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमुदाय को मनोरंजक एवं प्रेरणादायक तरीके से नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया । प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने सराहा तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता का संकल्प लिया । इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री बिट्टू सहगल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रुहल, एसडीओपी खरगोन श्री सौरभ तोमर, डीएसपी श्री अनिल बामनिया, डॉ अशोक महाजन, थाना प्रभारी कोतवाली श्री बी.एल. मंडलोई, निरीक्षक श्री गिरवार सिंह, थाना प्रभारी जैतापुर उप निरीक्षक श्री सुदर्शन कलोसिया, पुलिस लाइन आरआई श्री दीपेन्द्र स्वर्णकार, आरआई श्री मुकेश हायरी, अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी क्रीड़ा विभाग, शिक्षा विभाग, आबकारी विभाग, सामाजिक न्याय विभाग सहित अन्य शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएँ एवं आम नागरिक सहित 1000 से अधिक लोग उपस्थित रहे ।
Subscribe to my channel