Madhya Pradesh News : मिजल्स उन्मूलन अभियान के तहत स्वास्थ्य संस्थानों व क्षेत्रों का किया भ्रमण
जनप्रतिनिधियों, धार्मिक गुरुओं और पत्रकारों से भी की चर्चा

रिपोर्टर नरेंद्र खांडेकर खरगोन मध्य प्रदेश
खरगोन 31 जुलाई 2026। भारत सरकार के मिजल्स उन्मूलन अभियान के तहत 29 से 31 जुलाई 2026 तक राष्ट्रीय स्तर से आए अधिकारियों ने जिले में टीकाकरण व्यवस्थाओं एवं मिजल्स सर्विलेंस का विस्तृत निरीक्षण किया। राष्ट्रीय टीम के सदस्य डॉ. सुदर्शन कुशवाहा एवं श्री हितेश सिंह वाघेला ने जिला चिकित्सालय, इंद्रा नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खामखेड़ा, छोटी कसरावद तथा खरगोन शहर के वार्ड क्रमांक 12 में नियमित टीकाकरण गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर भ्रमण कर टीकाकरण की स्थिति, फोकल प्वाइंट, वैक्सीन प्रिवेंटेबल डिजीज (VPD) सर्विलेंस तथा मिजल्स के संभावित मामलों के संबंध में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान राष्ट्रीय टीम ने जनप्रतिनिधियों, धार्मिक गुरुओं एवं पत्रकारों से भी चर्चा कर नियमित टीकाकरण को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए सुझाव प्राप्त किए तथा जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. धीरेंद्र पवार, वीसीसीएम श्री आदित्य चौरे, आरआईडी श्री राजेश धाकड़, जिला टीकाकरण टीम तथा संबंधित विकासखंडों की स्वास्थ्य टीम उपस्थित रही।
Subscribe to my channel