Jharkhand News : लकड़का में गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
फंदे से लटका मिला 5 माह की गर्भवती महिला का शव, पति व ससुर हिरासत में; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
कतरास (धनबाद) कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का बस्ती स्थित पोस्ट ऑफिस के समीप एक 21 वर्षीय गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अंदर महिला का शव फंदे से लटका मिलने के बाद मायके पक्ष ने इसे हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका की पहचान वंदना प्रिया, पति सौरव कुमार पांडे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब पांच माह की गर्भवती थी। घटना की सूचना मिलते ही उसका मायका पक्ष विष्णुगढ़ झंडा चौक से लकड़का पहुंचा, जहां शव की स्थिति देखकर परिजनों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका के भाई अभय मिश्रा ने कतरास थाना में लिखित शिकायत देकर पति सौरव पांडे, ससुर, सास और देवर के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि विवाह के बाद से ही वंदना को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का दावा है कि शव पर कई स्थानों पर चोट के निशान थे, जिससे उन्हें संदेह है कि पहले उसकी हत्या की गई और बाद में शव को फंदे से लटका दिया गया।

घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने ससुराल के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बनी रही। परिजन करीब 14 से 15 घंटे तक शव को पुलिस के कब्जे में देने के लिए तैयार नहीं हुए। सूचना मिलने पर कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को सामान्य करने के लिए वार्ड संख्या-05 की पार्षद निरुपमा देवी भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद बुधवार सुबह करीब नौ बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के पीएमसीएच भेजा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका का करीब डेढ़ वर्ष का एक पुत्र है, जिसकी मां की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। इधर, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि लकड़का से एक गर्भवती महिला का शव बरामद हुआ है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है, जबकि मृतका के परिजन इसे हत्या का मामला बताते हुए न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।

Subscribe to my channel