जीएनएम कॉलेज के समीप अवैध शराब कारोबार पर उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन, दो तस्कर गिरफ्तार

कतरास में गुप्त सूचना पर छापेमारी, महुआ, देशी व विदेशी शराब बरामद; गिरफ्तार आरोपियों को भेजा गया जेल
कतरास/धनबाद जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने कतरास थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएनएम कॉलेज के समीप संचालित अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान दो लोगों को मौके पर ही शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया, जबकि विभिन्न प्रकार की अवैध शराब भी जब्त की गई।
यह कार्रवाई उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी *आदित्य रंजन* के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद *अजय कुमार गोंड* के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम ने कतरास पुलिस के सहयोग से की। प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि कतरास थाना क्षेत्र के मछली पट्टी स्थित जीएनएम कॉलेज के आसपास अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने *18.6 लीटर महुआ शराब, 6.9 लीटर देशी शराब तथा 2.52 लीटर विदेशी शराब* बरामद की। मौके से *सुशील कुंडू* और *अनिल कुमार बर्नवाल* को अवैध शराब बेचते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि जिले में अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थानों और रिहायशी क्षेत्रों के आसपास इस तरह के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त ने जिले के सभी शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों, अभिभावकों और आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध शराब या नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe to my channel