Uttar Pradesh News : बिना पंजीकरण और मानकों के कथित रूप से संचालित अस्पतालों पर उठे सवाल, कार्रवाई की मांग तेज
रिपोर्टर शत्रुघन फ़तेहपुर उत्तर प्रदेश
खागा (फतेहपुर)। खागा क्षेत्र में बिना पंजीकरण और मानकों के कथित रूप से संचालित निजी अस्पतालों एवं क्लीनिकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कुछ गिने-चुने अस्पतालों को छोड़कर कई स्वास्थ्य संस्थान आवश्यक पंजीकरण और निर्धारित मानकों के बिना संचालित हो रहे हैं। ताज़ा मामला उज्जवल पॉलीक्लिनिक से जुड़ा बताया जा रहा है।

आरोप है कि यह संस्थान बिना वैध पंजीकरण के संचालित हो रहा है तथा यहां नियमित रूप से योग्य एमबीबीएस चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं। इसके बावजूद मरीजों का उपचार किए जाने का दावा किया जा रहा है। यदि ये आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मरीजों, विशेषकर गरीब और ग्रामीण लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिलाधिकारी द्वारा समय-समय पर अवैध एवं मानकविहीन अस्पतालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इन निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित नहीं कर पा रहा है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। यह समाचार स्थानीय स्तर पर लगाए गए आरोपों और शिकायतों पर आधारित है। संबंधित संस्थान या स्वास्थ्य विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


Subscribe to my channel