Uttar Pradesh News : चंदौली हादसा: मृतक बलदेव यादव के परिजनों से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, ₹1 करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग

रिपोर्टर पवन कुमार सिंह चंदौली उ.प्र.
चंदौली (उत्तर प्रदेश): डीडीयू जंक्शन गेट के सामने काली मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान हुए हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारी बलदेव यादव के परिजनों से मिलने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को श्रद्धांजलि अर्पित की और हर स्तर पर साथ देने का भरोसा दिलाया। अजय राय ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद प्रशासन ने पूरे मामले को दबाने और सच्चाई छिपाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो बलदेव यादव की जान बचाई जा सकती थी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मृतक के परिजनों को ₹1 करोड़ का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने भाजपा सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाओं में जवाबदेही तय होना आवश्यक है। अजय राय ने मेरठ के हालिया मामले का भी उल्लेख करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और संबंधित पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की।

गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात मुगलसराय जीटी रोड स्थित डीडीयू जंक्शन गेट के सामने मां काली मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान मलबा गिरने से 58 वर्षीय बलदेव यादव, जो एपको कंपनी में कर्मचारी थे, उसकी चपेट में आ गए थे। हादसे में उनकी मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। घटना के बाद से मामले की जांच जारी है।
Subscribe to my channel