Jharkhand News : कतरास में स्कूल के बाहर इंटर छात्र पर हमला, सिर पर डंडे से वार; बैग में डाला केरोसिन
दो स्कूलों के छात्रों के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस ने शुरू की जांच

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद: जिले के कतरास स्थित एक निजी स्कूल के बाहर मंगलवार को एक इंटर के छात्र पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में घायल छात्र प्रियंशु राज, जो रामकनाली ओपी क्षेत्र का निवासी है, को तत्काल एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद कतरास थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची तथा घायल छात्र से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। छात्र ने पुलिस को बताया कि बुलेट मोटरसाइकिल से आए तीन युवकों ने उसे रोका। इनमें से एक युवक स्कूल की वर्दी में था। आरोप है कि हमलावर एक केमिस्ट्री शिक्षक का नाम लेकर उसे जबरन झाड़ियों की ओर ले जाने लगे। विरोध करने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट की और डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया। छात्र का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने उसके स्कूल बैग में केरोसिन डाल दिया।

घायल छात्र की मां मंजू देवी ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के बाद उनका बेटा नियमित रूप से स्कूल नहीं जा रहा था। मंगलवार को जब वह स्कूल पहुंचा, तभी उसके साथ यह घटना हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे के मोबाइल पर पहले से धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे थे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ उनकी कोई शिकायत नहीं है, क्योंकि घटना स्कूल परिसर के बाहर हुई।
इधर, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दो अलग-अलग निजी स्कूलों के छात्रों के बीच हुए विवाद और मारपीट से जुड़ा प्रतीत होता है। घायल छात्र का बयान दर्ज कर लिया गया है और कतरास थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।



Subscribe to my channel