दो सगे भाइयों पर दबंगई का आरोप, ग्रामीणों ने समाधान दिवस में लगाई न्याय की गुहार
मारपीट, गाली-गलौज और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप, पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन

मनकापुर (गोंडा)। मनकापुर तहसील में आयोजित शनिवार के समाधान दिवस में ग्राम समसापुर के कई ग्रामीणों ने दो सगे भाइयों पर दबंगई, गाली-गलौज, मारपीट की धमकी और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
शिकायतकर्ता राजेश कुमार पाण्डेय पुत्र राम चरित्र पाण्डेय, शिवपता पत्नी विजय चौहान, हरीराम पुत्र रामधनी सहित गांव के अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव निवासी ललित राम एवं मंगरे पुत्रगण झबरे आए दिन शराब के नशे में अभद्र व्यवहार करते हैं, गाली-गलौज करते हैं तथा मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि दोनों भाई बात-बात पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति (एससी/एसटी) अधिनियम में झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देते हैं, जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि कथित तौर पर वे अपने ही समाज के लोगों पर भी इसी प्रकार का दबाव बनाते हैं।
इस संबंध में मनकापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह तोमर ने बताया कि एक ही गांव के तीन अलग-अलग लोगों द्वारा दो सगे भाइयों के विरुद्ध तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।



Subscribe to my channel