ब्रेकिंग न्यूज़

Himachal Pradesh News : ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित बस सेवा बहाल करे सरकार: जिला परिषद सदस्य शिवानी ठाकुर

शिमला ग्रामीण में बंद पड़े बस रूटों और जर्जर बसों को लेकर सरकार व एचआरटीसी पर उठाए सवाल, आंदोलन की चेतावनी

ब्यूरो चीफ ओमप्रकाश शर्मा शिमला हिमाचल प्रदेश

शिमला। जिला शिमला के शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के खटनोल वार्ड की जिला परिषद सदस्य शिवानी ठाकुर ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की खराब परिवहन व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नई बसें उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधा देने का वादा किया था, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत हैं। शिवानी ठाकुर ने बताया कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के रूट नंबर-2 और रूट नंबर-3 में आधे से अधिक बस रूट बंद पड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) से बातचीत के दौरान जानकारी मिली कि कई बसें केवल नए टायरों की कमी के कारण डिपो में खड़ी हैं।

उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में घिसे हुए टायरों के साथ बसों का संचालन यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। खटनोल वार्ड की 26 पंचायतों में या तो बस सेवाएं पूरी तरह बंद हैं या फिर जर्जर बसें भेजी जा रही हैं, जो रास्ते में बार-बार खराब हो जाती हैं। इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला परिषद सदस्य ने सरकार और परिवहन निगम से मांग की कि बंद पड़े सभी बस रूटों को तत्काल बहाल किया जाए, बसों के लिए नए टायर एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित, नियमित और समयबद्ध बस सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और परिवहन विभाग की होगी। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि एचआरटीसी के बेड़े में शामिल कई पुरानी और जर्जर बसें पहाड़ी मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा और समयबद्ध परिवहन व्यवस्था के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। ऐसे में जनहित को ध्यान में रखते हुए सरकार और निगम प्रशासन से शीघ्र ठोस कदम उठाने की अपेक्षा की जा रही है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button