Chhattisgarh News : जशपुर में पुश्तैनी जमीन पर फर्जी दस्तावेजों से कब्जे का आरोप, अधिवक्ता ने की एफआईआर की मांग
राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी और अवैध नामांतरण का आरोप, प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
जशपुर। जिले के ग्राम लुडेग में भूमि विवाद का एक मामला सामने आया है, जिसमें रायगढ़ निवासी अधिवक्ता विकाश अग्रवाल ने कुछ लोगों पर कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उनकी पुश्तैनी भूमि का नामांतरण कराकर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर उन्होंने पत्थलगांव थाना एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, अधिवक्ता विकाश अग्रवाल का आरोप है कि प्रवीण टोप्पो और जोन टोप्पो ने कथित रूप से कूटरचित (फर्जी) दस्तावेजों का उपयोग कर राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी की। उनका दावा है कि वर्ष 1984 में हुए भूमि विक्रय के बाद कई वर्षों पश्चात कथित रूप से गलत मृत्यु प्रमाण-पत्र प्रस्तुत कर स्वयं को भूमि का वैध वारिस दर्शाते हुए नामांतरण अपने पक्ष में करा लिया गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दस्तावेजों में पिता के नाम सहित अन्य अभिलेखों में कथित रूप से परिवर्तन कर राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी की गई। अधिवक्ता का कहना है कि इसके आधार पर उनकी वैध भूमि खसरा नंबर 132/2/ड/2 पर भी कब्जे का प्रयास किया जा रहा है और उन्हें अपनी ही जमीन पर जाने से रोका जा रहा है। पीड़ित अधिवक्ता ने पत्थलगांव थाना में लिखित शिकायत देकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, कथित फर्जीवाड़े की निष्पक्ष जांच कराने, विवादित नामांतरण निरस्त करने तथा भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में प्रशासन अथवा पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।


Subscribe to my channel