Uttar Pradesh News : किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू अंबावता का प्रदर्शन, सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा
बिलासपुर तहसील में किसानों ने उठाई खाद, कर्जमाफी, एमएसपी, बिजली और कृषि नीतियों से जुड़े मुद्दों की मांग

रिपोर्टर रफ़ी उल्लाह खान रामपुर उत्तर प्रदेश
बिलासपुर। भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने शनिवार, 11 जुलाई 2026 को खराब मौसम के बावजूद बिलासपुर तहसील परिसर में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में किसान तहसील परिसर स्थित पार्क में एकत्र हुए, जहां बैठक के बाद नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन लेकर उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उपजिलाधिकारी ने किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने ज्ञापन सौंपा।

सभा को संबोधित करते हुए भाकियू अंबावता के नेता मोहम्मद सलीम वारसी ने कहा कि आज किसान आर्थिक संकट से जूझ रहा है और सरकारी कार्यालयों में उसकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना रिश्वत के कई सरकारी कार्यालयों में कार्य नहीं किए जाते तथा भ्रष्टाचार और महंगाई लगातार बढ़ रही है। ज्ञापन में किसानों ने प्रति हेक्टेयर यूरिया की निर्धारित सीमा बढ़ाने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने, किसानों के लिए पृथक किसान आयोग के गठन, कृषि ऋण माफी, बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराने, कृषि यंत्रों एवं सामग्री पर जीएसटी समाप्त करने, खाद-बीज व कीटनाशकों पर 80 प्रतिशत सब्सिडी देने, सामान्य योजना के तहत नलकूप बिजली कनेक्शन पुनः शुरू करने, घरेलू बिजली दरों में राहत तथा निजी स्कूलों की मनमानी फीस पर रोक लगाने जैसी मांगें उठाईं।
किसानों ने भारत-अमेरिका कृषि एवं पोल्ट्री संबंधी समझौते पर भी अपनी आपत्ति जताते हुए इसे किसान हितों के विरुद्ध बताया और इसे निरस्त करने की मांग की। प्रदर्शन में मोहम्मद अहकाम मिर्जा, मोहम्मद आसिम रजा, लखविंदर सिंह, सुजान सिंह, रणजीत सिंह, साबिर नेताजी, असलम खान, फरमान अली, अकरम खान, लियाकत, इमरान खान, मुरारी लाल, आरिफ अली, अफजल खान, इकराम, फैसल खान, सादिक अहमद, आबिद अली, प्रेम मसीह, दानिश अली, कासिम खान, मुन्ना प्रसाद, चुन्नीलाल, सरबजीत सिंह, अकरम पाशा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।


Subscribe to my channel