Uttar Pradesh News : चंदौली में कथित अवैध धर्म परिवर्तन गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
सकलडीहा के इटवा गांव में पुलिस की छापेमारी, धार्मिक सामग्री, वाहन व अन्य सामान बरामद; उत्तर प्रदेश धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
रिपोर्टर पवन कुमार सिंह चंदौली उ.प्र.
चंदौली। जनपद के सकलडीहा थाना क्षेत्र के इटवा गांव में कथित अवैध धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को धार्मिक सभा आयोजित होने की सूचना मिलने पर मौके पर छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों द्वारा कथित रूप से प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किए जाने की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 7 बाइबिल, लगभग 200 धार्मिक पंपलेट, 50 धार्मिक पुस्तिकाएं, एक होम थिएटर, 2 माइक्रोफोन, एक कार तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। क्षेत्राधिकारी (सीओ) सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या कानून का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले में कोई व्यापक नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है.


Subscribe to my channel