Chhattisgarh News : कुसमुंडा के चंद्रनगर जटराज में करोड़ों का भ्रष्टाचार! 11 करोड़ का काम 6 करोड़ में समेटा, पहली ही बारिश में धंसने लगा सामुदायिक भवन

रिपोर्टर मनोज मानिकपुरी कोरबा छत्तीसगढ़
कटघोरा/कुसमुंडा। ग्राम जटराज चंद्र नगर बसाहट में करोड़ों रुपये की लागत से हो रहे निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत वाले इस सरकारी प्रोजेक्ट को ठेकेदार ने भारी डिस्काउंट के साथ महज 6 करोड़ रुपये में ले लिया। इसका सीधा असर अब काम की गुणवत्ता पर दिख रहा है, जहां पहली ही बारिश ने विकास दावों की पोल खोलकर रख दी है। पहली ही बारिश में धंसने लगा सामुदायिक भवन ग्रामीणों ने बताया कि घटिया निर्माण सामग्री और तकनीकी लापरवाही के कारण नवनिर्मित सामुदायिक भवन पहली ही बारिश का दबाव नहीं झेल पाया और नीचे धंसने लगा है। इस स्थिति से नाराज ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में यह भवन ताश के पत्तों की तरह ढह सकता है, जिससे बड़े पैमाने पर जान-माल की हानि होने की आशंका है।
अधिकारियों ने फेरा मुंह, शिकायतों को किया नजरअंदाज हैरानी की बात यह है कि ग्रामीण इस बदहाली को लेकर चुप नहीं थे। उनके द्वारा एसडीएम कटघोरा और महाप्रबंधक कुसमुंडा को कई बार लिखित और मौखिक रूप से गुणवत्ताहीन कार्य की शिकायतें दी गईं। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने ग्रामीणों की इन गंभीर शिकायतों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। प्रशासन की इसी अनदेखी का नतीजा है कि ठेकेदार के हौसले बुलंद हैं और घटिया निर्माण धड़ल्ले से जारी है।
ग्रामीणों की दो टूक: काम तुरंत रुके और हो उच्च स्तरीय जांच मामले के तूल पकड़ने के बाद अब ग्रामीणों ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। ग्रामीणों की स्पष्ट मांग है कि: इस घटिया और गुणवत्ताहीन कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए। पूरे मामले की किसी स्वतंत्र एजेंसी से उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। भ्रष्टाचार में लिप्त संबंधित ठेकेदार और उसे संरक्षण देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। अब देखना यह होगा कि कुसमुंडा प्रबंधन और कटघोरा प्रशासन इस गंभीर शिकायत के बाद जागता है या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।


Subscribe to my channel