Uttar Pradesh News : मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, रामपुर के शिक्षकों को वितरित किए गए प्रतीकात्मक प्रमाण-पत्र

रिपोर्टर रफ़ी उल्लाह खान रामपुर उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा वाराणसी स्थित ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर में आयोजित बेसिक शिक्षा विभाग के विशेष कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बुधवार को जनपद के विकास भवन सभागार में देखा व सुना गया। इस दौरान मा. मुख्यमंत्री जी ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। विकास भवन सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मा. कृषि राज्यमंत्री श् बलदेव सिंह औलख, मिलक विधायक श्रीमती राजबाला, जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री गुलाब चंद्र द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। सजीव प्रसारण के उपरांत कृषि राज्य मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त शिक्षकगणों को बधाई देते हुए अपने संबोधन में कहा की प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के साथ-साथ शिक्षकों के हितों की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की आधारशिला हैं और उनके स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा तथा सम्मान के लिए सरकार की यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मिलक विधायक श्रीमती राजबाला ने शिक्षकों को योजना के लागू होने की शुभकामना देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार किए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना मा. मुख्यमंत्री जी की शिक्षकों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है। यह योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है इससे शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधा प्राप्त होगी तथा सामाजिक सुरक्षा कवच और अधिक मजबूत होगा। जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्रता के अनुसार समयबद्ध रूप से लाभ उपलब्ध कराया जाए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी ने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से जनपद के बेसिक शिक्षा के 10,664 और माध्यमिक शिक्षा के 241 शिक्षक लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जनपद के 1,23,779 छात्र-छात्राओं को डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रत्येक को 1200 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई है।

इस योजना के माध्यम से प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही प्रदेश के 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं की डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र-छात्रा 1200 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को सुधार करने के उद्देश्य से स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के साथ किए गए एमओयू की जानकारी भी साझा की गई। प्रतीकात्मक प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले शिक्षक अब्दुल बशीर खां, अनुजेंद्र सिंह चौहान, शुऐब अहमद अंसारी, राकेश कुमार, अर्जुन कुमार कश्यप, मनीष कुमार, जितेन्द्र कुमार, दिनेश कुमार, आनन्द प्रकाश गुप्ता, विपिन यादव, पंकज कुमार, चिरंजीव कुमार, रितेश कुमार, अमित कुमार, फाजिल अली सिद्दीकी, राजीव कुमार, अनिल कुमार, कुशल राणा, अशोक कुमार एवं वामिका, शमाइला, शकील तथा कृष्ण मोहन भाटिया ।




Subscribe to my channel