ब्रेकिंग न्यूज़

Madhya Pradesh News : डेढ़ माह से बंद पड़ी नल-जल योजना, पेयजल संकट से जूझ रहे वार्डवासी; जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर रवि धाकड़

टोंक खुर्द (देवास)। नगर परिषद टोंक खुर्द के वार्ड क्रमांक-1 स्थित अयोध्या बस्ती एवं अंबेडकर नगर में पिछले करीब डेढ़ माह से नल-जल योजना ठप होने के कारण स्थानीय लोगों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर पूर्व पार्षद प्रतिनिधि कालू बामनिया ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रितु चौरसिया को लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन में बताया गया कि शासन की नल-जल योजना के तहत वार्ड में लंबे समय से पानी की आपूर्ति बंद है, जिससे लोगों को दूर-दराज स्थित हैंडपंपों से पानी लाकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। वहीं, जब कभी पानी की आपूर्ति की जाती है तो वह गंदा और दूषित होता है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पानी की कमी के कारण वार्ड में नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। मकानों के सामने गंदगी का अंबार लगा है, नालियां चोक हो चुकी हैं और उनमें कीड़े पड़ गए हैं। इससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। वार्डवासियों का आरोप है कि नगर परिषद के जिम्मेदार कर्मचारियों से कई बार नल चालू कराने की मांग की गई, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों द्वारा नल चालू नहीं होने की बात कहकर लोगों को टाल दिया जाता है। पूर्व पार्षद प्रतिनिधि कालू बामनिया, युवा समाजसेवी अजय बामनिया, मनोहर बामनिया, कमल सिंह बामनिया, गोवर्धन सिंह चौधरी, चेतन चौधरी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने कलेक्टर ऋतुराज सिंह से मांग की है कि नगर परिषद टोंक खुर्द के मुख्य नगर पालिका अधिकारी राकेश वैद्य के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा वार्ड में नल-जल योजना को शीघ्र सुचारू रूप से चालू कराया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके और उन्हें राहत मिल सके।
ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button